कपूरथला में पावरकॉम कर्मचारी की करंट लगने से मौत:करतारपुर में बिजली के खंभे पर काम करते समय हादसा, परिवार का एक मात्र सहारा था

कपूरथला में पावरकॉम कर्मचारी की करंट लगने से मौत:करतारपुर में बिजली के खंभे पर काम करते समय हादसा, परिवार का एक मात्र सहारा था

कपूरथला के मोहल्ला अरफवाला से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। करतारपुर में बिजली के खंभे पर काम करते समय करंट लगने से 24 वर्षीय बिजली कर्मी गुरटेक सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। गुरटेक सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे और पूरे परिवार का एकमात्र सहारा थे। सबसे ज्यादा पीड़ादायक बात यह है कि महज डेढ़ महीना पहले ही उनकी सरकारी नौकरी पक्की हुई थी, जिसकी खुशी में परिवार 15 अगस्त को धार्मिक समागम करवाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सीएम के दौरे के चलते सुबह बुलाई गई थी ड्यूटी यह दुखद हादसा 9 अगस्त को करतारपुर में हुआ। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, 9 अगस्त को मुख्यमंत्री (CM) के करतारपुर दौरे के मद्देनजर सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए जूनियर इंजीनियर (JE) ने गुरटेक सिंह को उनकी निर्धारित रात की शिफ्ट के बजाय सुबह ही ड्यूटी पर बुला लिया था। ड्यूटी के दौरान एक बिजली के खंभे पर मरम्मत का काम करते समय वह अचानक हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पिता की मौत के 6 साल बाद उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार गुरटेक सिंह के परिवार पर दुखों का यह कोई पहला पहाड़ नहीं है। नियति ने इस परिवार के साथ बहुत क्रूर मजाक किया है। गुरटेक के पिता स्वर्गीय चरणजीत सिंह (उर्फ बुधू) एक इलेक्ट्रिकल स्टोर पर बतौर ड्राइवर 25-30 वर्षों तक काम करते थे। एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार होने के बाद वर्ष 2019 में उनका निधन हो गया था।पिता की मौत के 6 साल बाद, अब घर के इकलौते चिराग की असमय मौत से मां वरिंदर कौर और 22 वर्षीय छोटी बहन नवनीत कौर पूरी तरह टूट चुकी हैं और गहरे सदमे में हैं। 15 अगस्त को होना था शुक्राना पाठ, ट्रांसफर की भी थी तैयारी गुरटेक की पक्की सरकारी नौकरी लगने के बाद से ही घर में खुशियों का माहौल था। इस बड़ी कामयाबी और गुरु महाराज का आभार जताने के लिए परिवार ने आगामी 15 अगस्त को गुरुद्वारा खोजेवाल साहिब में ‘शुक्राना पाठ’ आयोजित करने की पूरी योजना बना ली थी। यही नहीं, सूत्रों के मुताबिक गुरटेक सिंह का जल्द ही करतारपुर से उनके गृह जिले कपूरथला में ट्रांसफर भी होने वाला था, ताकि वे अपनी मां और बहन के पास रह सकें। लेकिन इन सभी सपनों और उम्मीदों पर पानी फिर गया। पावरकॉम ने दिया ₹25 लाख का चेक, इलाके में शोक की लहर हृदयविदारक घटना पर पावरकॉम के एसई (SE) एसपी सोंधी ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तुरंत राहत देते हुए ₹25 लाख का एक्स-ग्रेशिया (सहायता राशि) चेक सौंप दिया गया है। इसके अलावा, गुरटेक की जो भी बीमा राशि बनती है, उसे भी जल्द से जल्द परिवार को रिलीज कर दिया जाएगा। गुरटेक की मौत की खबर फैलते ही मोहल्ला अरफवाला सहित पूरे कपूरथला में शोक की लहर दौड़ गई है। दोस्तों, रिश्तेदारों और मोहल्ला वासियों की आंखें नम हैं। हर कोई इस बात से स्तब्ध है कि जिस बेटे के उज्ज्वल भविष्य को लेकर मां ने इतने सपने संजोए थे, उसकी जिंदगी नौकरी पक्की होने के महज 45 दिनों के भीतर ही इतनी बेरहमी से खत्म हो जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *