कपड़ों से Sweat Smell आ रही है? बिना धोए बदबू कम करने के लिए बेकिंग सोडा से सिरके तक अपनाएं ये आसान टिप्स

कपड़ों से Sweat Smell आ रही है? बिना धोए बदबू कम करने के लिए बेकिंग सोडा से सिरके तक अपनाएं ये आसान टिप्स

How to Remove Sweat Smell from Clothes: गर्मी में पसीना आने के बाद कपड़ों में से बदबू आना आम बात है। लेकिन कई बार मौसम बदलने के बाद भी कुछ लोगों को पसीना आता रहता है और कपड़ा देखने में साफ होता है, लेकिन पहनने पर पसीने की स्मेल महसूस होने लगती है। ऐसे में हर बार कपड़े को धोना संभव नहीं होता। खासकर ऑफिस, सफर या जिम से आने के बाद अगर कपड़ों से स्मेल आने लगे तो कुछ आसान तरीकों से इनकी बदबू को कुछ समय के लिए कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं बिना कपड़े धोए पसीने की बदबू को कम करने के आसान तरीके।

हवा या धूप में सुखाएं

पसीने से भीगे कपड़ों को तुरंत मोड़कर बैग या कपड़ों की टोकरी में न रखें। पसीने वाले कपड़ों को लंबे समय तक बंद जगह पर रखने से बदबू और ज्यादा बढ़ सकती है। अगर तुरंत धोना संभव नहीं है तो कपड़ों को फैलाकर या टांगकर अच्छी तरह सूखने दें। इससे कपड़े में मौजूद नमी कम होगी और बदबू भी कुछ हद तक कम हो सकती है। इसके अलावा, अगर धूप निकली हो तो कपड़ों को कुछ समय के लिए धूप में टांगना भी बदबू कम करने का आसान तरीका हो सकता है। हालांकि, रंगीन कपड़ों को बहुत देर तक तेज धूप में रखने से उनका रंग हल्का पड़ सकता है, इसलिए कपड़े के केयर लेबल को जरूर देखें।

बेकिंग सोडा से बदबू कम करें

बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कपड़ों की पसीने वाली गंध कम करने के लिए किया जा सकता है। बदबू वाली जगह पर बेकिंग सोडा और थोड़े पानी का पेस्ट लगाएं। इसे कुछ समय सूखने दें और फिर हल्के हाथ से ब्रश करके हटा दें। अगर कपड़े के रंग या फैब्रिक को लेकर कोई शक है तो पहले किसी छिपी हुई जगह पर इसे लगाकर देख लें।

नींबू पानी स्प्रे करें

थोड़े नींबू के रस को पानी में मिलाकर कपड़ों पर हल्का स्प्रे किया जा सकता है। इसके बाद कपड़े को अच्छी तरह हवा में सूखने दें। इससे स्मेल कुछ हद तक कम हो सकती है। हालांकि, नींबू का रस कुछ कपड़ों के रंग को प्रभावित कर सकता है, इसलिए रंगीन या नाजुक कपड़ों पर इस्तेमाल करने से पहले किसी छिपे हिस्से पर टेस्ट जरूर करें।

सफेद सिरके का भी कर सकते हैं इस्तेमाल

अगर कपड़े पर पसीने की वजह से सफेद या पीले रंग के निशान दिखाई दे रहे हैं तो सफेद सिरके का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे दाग वाली जगह पर लगाने के बाद सर्फ या वॉशिंग पाउडर से सिर्फ उसी हिस्से को साफ कर लें। इसके बाद कपड़े को थोड़ी देर हवा में सूखने दें। इससे पूरे कपड़े को धोए बिना बदबू को कुछ हद तक कम करने में मदद मिल सकती है।

कपड़े धोना भी है जरूरी

बिना धोए बताए गए तरीके कपड़ों की बदबू को कुछ समय के लिए कम करने में मदद कर सकते हैं, लेकिन इन्हें कपड़े धोने का पूरा विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अगर कपड़े पसीने से ज्यादा गीले हैं, उन पर दाग हैं या लगातार बदबू आ रही है तो उन्हें कपड़े के केयर लेबल के हिसाब से धोना बेहतर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *