कन्नौज में डिलीवरी से मना करने का आरोप:नवजात की मौत, छिबरामऊ CHC में हंगामा

कन्नौज में डिलीवरी से मना करने का आरोप:नवजात की मौत, छिबरामऊ CHC में हंगामा

कन्नौज के छिबरामऊ सीएचसी में स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि स्टाफ ने पहले प्रसूता की डिलीवरी कराने से मना कर दिया। इसके बाद नवजात बच्चे को भी एसएनसीयू में भर्ती नहीं किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने देर रात अस्पताल में हंगामा किया और प्रभारी सीएमएस को शिकायत पत्र दिया है। यह मामला छिबरामऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के महमूदपुर खास गांव के शिवम कुमार की पत्नी पूनम को 13 सितंबर को प्रसव पीड़ा हुई। शिवम अपनी पत्नी को लेकर छिबरामऊ सीएचसी पहुंचे। वहां मौजूद नर्स ने उन्हें अगले दिन आने को कहा, जिसके बाद वे वापस लौट गए। अगले दिन दर्द बढ़ने पर वे पत्नी को एम्बुलेंस से अस्पताल लाए। आरोप है कि नर्स ने उन्हें भर्ती करने के बजाय कभी ऊपर तो कभी नीचे बुलाया, जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। इसके बाद नर्स ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में दिखाने की बात कहकर वापस भेज दिया। शिवम ने बताया कि सीएचसी से मना किए जाने के बाद वे पत्नी को प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां पूनम की नॉर्मल डिलीवरी हुई। हालांकि, बच्चे की हालत नाजुक थी, इसलिए उसे सीएचसी के एसएनसीयू वार्ड में रखने के लिए कहा गया। जब वे बच्चे को लेकर सीएचसी पहुंचे, तो नर्स ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। नर्स ने कहा कि डिलीवरी के लिए पैसा प्राइवेट अस्पताल में खर्च करोगे और बच्चे को यहां लाओगे, ऐसा नहीं चलेगा। नर्स से काफी गुहार लगाने के बाद बच्चे को एसएनसीयू वार्ड में ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बादल बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से नाराज परिजनों ने रात में अस्पताल में हंगामा किया। उनका आरोप है कि वहां कोई डॉक्टर या अधिकारी मौजूद नहीं था जो उनकी शिकायत सुनता। इसके बाद उन्होंने प्रभारी सीएमएस राहुल मिश्रा को शिकायत पत्र दिया है। इस मामले पर राहुल मिश्रा ने बताया कि परिजन मृत बच्चे को लेकर आए थे। हालांकि, महिला को डिलीवरी के लिए भर्ती क्यों नहीं किया गया, इस मामले की जांच कराई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *