कटनी में पकड़े दंपती ने कबूली वारदात:सतना के दो मंदिरों में की थी चोरी; चार सदस्यीय गिरोह ने कई जिलों में 14 चोरियां कीं

कटनी में पकड़े दंपती ने कबूली वारदात:सतना के दो मंदिरों में की थी चोरी; चार सदस्यीय गिरोह ने कई जिलों में 14 चोरियां कीं

सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में स्थित रामपुर पाठा के नीलकंठ मंदिर और पटिहट के सत्यमाता मंदिर में हुई चोरी के आरोपी कटनी में पकड़े गए हैं। कटनी पुलिस ने विजयराघवगढ़ के मां शारदा मंदिर में चोरी के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में सतना के इन दोनों मंदिरों में चोरी की बात कबूल की है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि यह चार सदस्यीय गिरोह सतना सहित कई जिलों में मंदिरों और सूने मकानों को निशाना बनाता था। कटनी पुलिस की एसआईटी ने शारदा माता मंदिर चोरी की जांच के दौरान एक संदिग्ध कार का सुराग मिलने पर पडख़ुरी के पास घेराबंदी कर राजा उर्फ मोहन साहू (42) और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू (40) को गिरफ्तार किया। ये दोनों कटनी के प्रेमनगर, एनकेजे के निवासी हैं। दंपती ने कटनी के अलावा सतना, सिवनी और दमोह में 14 से अधिक चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं। आरोपियों ने बताया कि वे पहले कार से घूमकर मंदिर या सूने मकान की रेकी करते थे। वारदात के समय दो सदस्य बाहर निगरानी करते थे, जबकि दो अंदर घुसकर चोरी करते थे। पूछताछ में दंपती ने कबूली वारदातें
दंपती ने पूछताछ में उचेहरा थाना क्षेत्र के रामपुर पाठा स्थित नीलकंठ आश्रम और पटिहट के सत्यमाता मंदिर में हुई चोरी की बात भी स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर चांदी के चार मुकुट, दो क्षत्र, कमरबंद, पायल, बिछिया, सोने के लॉकेट सहित लगभग 12 लाख रुपए का चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त की गई है। कटनी पुलिस ने इस खुलासे की जानकारी उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा को दी। इसके बाद परसमनिया चौकी प्रभारी संतोष धुर्वे को कटनी भेजा गया, जहां उन्होंने आरोपियों से पूछताछ की। आरोपियों ने उचेहरा क्षेत्र की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उचेहरा पुलिस अब इन आरोपियों को प्रोटेक्शन वारंट पर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। अब उचेहरा पुलिस कोर्ट से प्रोटेक्शन वारंट हासिल कर दंपती को रिमांड पर लाने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान सतना में हुई मंदिर चोरियों से जुड़े अन्य मामलों और गिरोह के बाकी सदस्यों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *