औरैया के बेला कस्बे में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती जमीन विवाद में कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। मंडी रोड स्थित पानी की टंकी पर युवती के चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे तक समझाने और मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवती की पहचान रश्मि पुत्री स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह, निवासी सिमरा पुरवा, थाना बेला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जमीन विवाद से जुड़े मामले में 30 जुलाई 2026 को कथित रूप से फर्जी तरीके से बैनामा कराए जाने का आरोप है। इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर रश्मि सोमवार को पानी की टंकी पर चढ़ गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा सूचना मिलते ही बेला थाना प्रभारी अनिलेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी समेत पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए युवती से नीचे उतरने की अपील करती रही। एसडीएम-सीओ भी मौके पर पहुंचे मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम बिधूना कमल कुमार सिंह और सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने भी युवती से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। नीचे उतरने के बाद अधिकारियों ने ली जानकारी नीचे आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने युवती से जमीन विवाद और उसकी मांगों के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने शिकायत और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच करने की बात कही। युवती के टंकी पर चढ़ने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी। थाना प्रभारी बोले- शिकायत की जांच की जा रही बेला थाना प्रभारी अनिलेश कुमार यादव ने बताया कि युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। जमीन विवाद से संबंधित मामले में युवती से जानकारी ली गई है। शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

