ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने किए महाकाल दर्शन:भस्म आरती में शामिल होकर नंदी के कान में कही मनोकामना

ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने किए महाकाल दर्शन:भस्म आरती में शामिल होकर नंदी के कान में कही मनोकामना

ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर ने गुरुवार सुबह उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। दर्शन के दौरान मनु भाकर पूरी तरह धार्मिक भाव में नजर आईं। उन्होंने अपनी मनोकामना के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना की। इसके बाद नंदी हॉल में बैठकर नंदी महाराज के कान में भी अपनी इच्छा कही। मान्यता है कि नंदी के कान में कही गई मनोकामना सीधे बाबा महाकाल तक पहुंचती है। मंदिर समिति ने किया स्वागत मनु भाकर इस दौरान पारंपरिक सलवार-कुर्ती में नजर आईं। मंदिर पहुंचने पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से उनका स्वागत और सत्कार किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें दर्शन एवं पूजा की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। दर्शन के बाद मनु भाकर ने मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की भक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उनकी इच्छा थी कि वे महाकालेश्वर मंदिर आकर बाबा महाकाल के दर्शन करें। हालांकि उन्हें मंदिर में ज्यादा समय नहीं मिल पाया, लेकिन कम समय में भी यहां की भक्ति और व्यवस्थाओं ने उनका मन प्रसन्न कर दिया। उन्होंने मंदिर के संचालकों और कर्मचारियों की मेहनत की भी प्रशंसा की। मनु भाकर ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि भगवान की कृपा सभी पर बनी रहे और सभी लोग इसी तरह मेहनत करते हुए आगे बढ़ते रहें। उज्जैन यात्रा को संभव बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए उन्होंने विशेष रूप से सिंधिया मैम सहित उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया, जिनकी शुभकामनाओं और आशीर्वाद से वे बाबा महाकाल के दरबार तक पहुंच सकीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *