करौली में विश्व ओजोन दिवस पर वन विभाग और जिला पर्यावरण समिति के सहयोग से महात्मा ज्योतिबा फुले उच्च माध्यमिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम हुए। विद्यार्थियों ने रैली निकालकर ओजोन परत बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद चित्रकला प्रतियोगिता, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण की शपथ का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में 80 से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई। यह रैली स्कूल परिसर से निकलकर फुले सर्किल, तीन बड़, चंद्रनगर, कृष्णा कॉलोनी और फैक्ट्री क्षेत्र से गुजरते हुए वापस स्कूल पहुंची। रैली में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण कम करने और ओजोन परत की सुरक्षा से जुड़े संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया। रैली के बाद स्कूल परिसर में विश्व ओजोन दिवस विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें 80 से ज्यादा विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा 12 की नम्रता सैनी पहले, कक्षा 8 के धनंजय सैनी दूसरे और कक्षा 11 की प्रिया चतुर्वेदी व कक्षा 8 की नीतू सैनी तीसरे स्थान पर रहीं। कक्षा 1 से 5 वर्ग में मनीष सैनी और हर्ष सैनी को भी पुरस्कार मिले। स्कूल परिसर में अशोक का पौधा लगाया गया। सहायक वन संरक्षक ओमप्रकाश जांगिड़, वन विभाग के अधिकारियों, संस्था प्रधानाचार्य धर्मसिंह और गोपाल माली समेत अन्य लोगों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम को संबोधन में ओमप्रकाश जांगिड़ ने बताया कि ओजोन परत सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर जीवन को बचाती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ किसी विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदूषण कम करने, पेड़ों को बचाने और ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने की जरूरत है। ओमप्रकाश जांगिड़ ने विद्यार्थियों को पर्यावरण और ओजोन परत की सुरक्षा की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने प्रदूषण कम करने, पर्यावरण के अनुकूल साधनों को अपनाने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में वन विभाग के अधिकारियों का स्वागत हुआ। वन विभाग की ओर से प्रधानाचार्य धर्मसिंह और व्याख्याता ममता माली को स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। आखिर में प्रधानाचार्य धर्मसिंह ने अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया।

