झाबुआ जिले की रम्भापुर पुलिस चौकी में गुरुवार, 15 अक्टूबर को ‘ऑपरेशन गो-वंशम्’ के तहत जनजागरूकता बैठक हुई। इसमें 10 गांवों के करीब 300 महिला-पुरुष शामिल हुए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को गोवंश संरक्षण, पशु क्रूरता से जुड़े कानून और अवैध परिवहन की सूचना पुलिस को देने के बारे में बताया। सरपंच, तड़वी और पंचायतकर्मी भी शामिल हुए एसपी देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर गोवंश वध और पशु क्रूरता रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। बैठक चौकी रम्भापुर, थाना मेघनगर में आयोजित की गई। इसमें गुजरपाड़ा, सजेली नानिया सात, सजेली मोगजी सात, जामनिया, छोटा घोसालिया, फुलेड़ी, डूंडका, बेडावली, रम्भापुर और मेघनगर के ग्रामीण शामिल हुए। इनमें सरपंच, तड़वी, कोटवार, वनरक्षक, पटवारी और पंचायत सचिव भी मौजूद रहे। बैठक में मेघनगर एसडीएम अवनधती प्रधान, एसडीओपी थांदला और मेघनगर थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। अवैध परिवहन की जानकारी पुलिस को देने की अपील अधिकारियों ने ग्रामीणों को पशुओं के प्रति संवेदनशील रहने और पशु क्रूरता से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने अपील की कि गोवंश वध या अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। ग्रामीणों से कानून हाथ में नहीं लेने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को भी कहा गया।

