ऑनलाइन ट्रेडिंग में 36.70 लाख की ठगी:राजनांदगांव में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से रकम लेकर फरार, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

ऑनलाइन ट्रेडिंग में 36.70 लाख की ठगी:राजनांदगांव में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से रकम लेकर फरार, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

राजनांदगांव में ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी में पैसा लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर दो महिलाओं से लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दोनों महिलाओं से कुल 82 लाख 50 हजार रुपए लिए थे। इनमें से 45 लाख 80 हजार रुपए वापस कर दिए, लेकिन बाकी 36 लाख 70 हजार रुपए नहीं लौटाए। पुलिस के अनुसार, रेस्ट हाउस डोंगरगढ़ की प्रतिमा पाल (45) से दुर्ग के कैलाश सेठी (37) ने अपनी कंपनी ‘प्योर ट्रेडिंग’ में निवेश करने के नाम पर 27.50 लाख रुपए लिए थे। इसमें से 19 लाख रुपए वापस कर दिए गए, जबकि 8.50 लाख रुपए नहीं लौटाए गए। इसी तरह गोलबाजार डोंगरगढ़ की नमिता चौबे (42) से भी आरोपी ने ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 55 लाख रुपए लिए। इसमें से 26.80 लाख रुपए वापस किए गए, जबकि 28.20 लाख रुपए वापस नहीं किए गए। दोनों महिलाओं की शिकायत पर डोंगरगढ़ थाने में आरोपी के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने BNS की धारा 318(4) और 238 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और अधिकारियों के मार्गदर्शन में डोंगरगढ़ पुलिस की टीम ने आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, जांच में सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *