रामपुर में रविवार शाम भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने एक टेंपो का पहिया बाइक से लगने के बाद कथित भाजपा बूथ अध्यक्ष और बाइक सवार के बीच तीखी झड़प हो गई। विवाद गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट तक पहुंच गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने शांत कराया। यह घटना शाम करीब चार बजे नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई। बताया गया कि टेंपो पर भाजपा बूथ अध्यक्ष का स्टीकर लगा था। टेंपो के गुजरते समय उसका अगला पहिया बाइक सवार को छू गया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक गाली-गलौज होती रही। विवाद बढ़ता देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। जब मामला मारपीट की नौबत तक पहुंचा, तो लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को समझा-बुझाकर अलग किया, जिससे एक बड़ा विवाद टल गया। पुलिस वायरल वीडियो की करेगी जांच इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच विवाद और आसपास मौजूद लोगों द्वारा मामले को शांत कराने की स्थिति स्पष्ट दिख रही है। घटना की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल कर सकती है। नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी। भाजपा की ओर से भी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि टेंपो चालक उनका बूथ अध्यक्ष है या नहीं; उन्होंने पता करके बताने की बात कही है।

