एशिया कप 2027 के लिए नेपाल ने किया क्वालीफाई, यूएई को 44 रन से हराया

एशिया कप 2027 के लिए नेपाल ने किया क्वालीफाई, यूएई को 44 रन से हराया

Nepal Qualify for Asia Cup 2027: एसीसी मेंस प्रीमियर कप का फाइनल शनिवार को कुआलालंपुर में नेपाल और यूएई के बीच खेला गया। इस खिताबी मुकाबले में नेपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 44 रन से हराया। इस जीत के साथ ही नेपाल ने एशिया कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

बयूमास ओवल में टॉस जीतकर नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 313 रन बनाए। यह UAE के खिलाफ नेपाल का वनडे में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले नेपाल ने मई में कीर्तिपुर में UAE के खिलाफ 289 रन बनाए थे। यह नेपाल का वनडे में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। वहीं, फाइनल में यूएई की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 49.1 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट हो गई।

नेपाल के आसिफ शेख ने जड़ा शतक

नेपाल की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे आसिफ शेख और अर्जुन कुमाल ने पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। कुमाल 63 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 43 रन बनाकर रन आउट हुए।

इसके बाद आसिफ शेख ने कप्तान रोहित पौडेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। आसिफ शेख ने शानदार शतक जड़ा और 106 गेंदों पर 102 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे। यह वनडे इंटरनेशनल में उनका दूसरा शतक है।

इसके बाद रोहित पौडेल और गुलसन झा ने चौथे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। पौडेल 44 गेंदों पर 40 रन बनाकर खुजैमा तनवीर की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हुए। वहीं, गुलसन झा ने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 38 गेंदों पर 52 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे।

नेपाल के लिए संदीप जोरा ने 7, करण केसी ने 1 और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 18 रन बनाए। कप्तान संदीप लामिछाने सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बशीर अहमद ने आखिरी ओवरों में महज चार गेंदों पर 15 रन की तेज पारी खेली, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था। ललित राजबंशी 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

राहुल चोपड़ा का शतक नहीं आया UAE के काम

लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम जरूरी रन रेट बनाए रखने में नाकाम रही। हालांकि, राहुल चोपड़ा ने नाबाद शतक लगाकर संघर्ष किया। तनिस सूरी ने 42 और कप्तान हरप्रीत भाटिया ने 33 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। यूएई की पूरी टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर ढेर हो गई

नेपाल के करण केसी ने झटके 3 विकेट

नेपाल की ओर से करण केसी ने 3 विकेट लिए, जबकि ललित राजबंशी को दो विकेट मिले। संदीप लामिछाने, रोहित पौडेल, गुलसन झा, बशीर अहमद और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने एक-एक विकेट हासिल किया।

बता दें कि एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के विजेता को एशिया कप 2027 में जगह मिलती है। 2023 में नेपाल में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल में मेजबान नेपाल ने UAE को सात विकेट से हराकर पहली बार खिताब जीता था और एशिया कप के लिए क्वालीफाई किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *