जापान के नगोया में चल रहे एशियन गेम्स में सोमवार को भारत की पुरुष टीम ने 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीत लिया है। पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों 1890.1अंक अर्जित कर दूसरे स्थान पर रहे। चीनी टीम ने 1899.9 अंक लेकर पहले और कोरिया की टीम तीसरे स्थान पर रही। भारत को अब तक तीन मेडल मिले हैं। तीनों मेडल शूटिंग में ही आए हैं। वहीं, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तरियाल को ब्रॉन्ज मेडल मिला। भारत 10वें स्थान पर पहुंचा तीसरा सिल्वर मेडल मिलने के साथ भारत एशियन गेम्स की मेडल टैली में 11वें से 10वें स्थान पर पहुंच गया है। भारत के खाते में अब 3 सिल्वर समेत 3 मेडल हैं। चीन 13 गोल्ड समेत 22 मेडल के साथ पहले स्थान पर है। जापान 6 गोल्ड समेत 21 मेडल के साथ दूसरे और साउथ कोरिया 4 गोल्ड समेत 16 मेडल के साथ तीसरे स्थान पर है। अब तीनों शूटरों के बारे में जानें… रुद्रांक्ष पाटिल: वर्ल्ड चैंपियन भारतीय शूटर रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल का जन्म 16 दिसंबर 2003 को ठाणे, महाराष्ट्र में हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल के शूटर हैं। उन्होंने 2022 में काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में इंडिविजुअल और टीम इवेंट का गोल्ड जीता। इंडिविजुअल वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले वे अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय बने। 2022 में वे 10 मीटर एयर राइफल में वर्ल्ड नंबर-1 भी रहे। पार्थ राकेश माने: जूनियर वर्ल्ड चैंपियन पार्थ राकेश माने का जन्म 13 नवंबर 2007 को हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। उन्होंने 2024 में पेरू के लीमा में ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर जूनियर वर्ल्ड टाइटल हासिल किया। इसी साल उन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप में सिल्वर और एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज भी जीता। हिमांशु ढिल्लों: भारत के उभरते राइफल शूटर हिमांशु ढिल्लों का जन्म 29 सितंबर 2005 को हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। 2025 में उन्होंने ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज जीता। 2026 में एशियन चैंपियनशिप में भी दो गोल्ड अपने नाम किए। म्यूनिख में 2026 के सीनियर वर्ल्ड कप में वे 9वें रहे और क्वालिफिकेशन में 635.7 अंक बनाए।
एशियन गेम्स में भारत को चौथा मेडल:पुरुष टीम ने 10 मीटर राइफल में सिल्वर जीता; सुचिका को मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में ब्रॉन्ज

