एमसीबी में 12 हाथियों के झुंड ने तीन घर तोड़े:जनकपुर के खेतों में खड़ी फसलें रौंदी, तीन महीने से घूम रहे हाथी, ग्रामीणों में दहशत

एमसीबी में 12 हाथियों के झुंड ने तीन घर तोड़े:जनकपुर के खेतों में खड़ी फसलें रौंदी, तीन महीने से घूम रहे हाथी, ग्रामीणों में दहशत

एमसीबी जिले के गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जनकपुर पार्क क्षेत्र में 12 जंगली हाथियों का झुंड लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। यह झुंड करीब तीन महीने से इलाके में घूम रहा है। बीती रात हाथियों का दल ग्राम ठोरगी के हथवारी पारा पहुंच गया। यहां हाथियों ने तीन ग्रामीणों के घरों को तोड़ दिया और अंदर रखा राशन व अन्य सामान भी खराब कर दिया। जानकारी के मुताबिक, देर रात हाथियों का झुंड हथवारी पारा में पहुंचा। हाथियों ने बाबूराम बालंद, रामप्रताप और जगतपाल के घरों को नुकसान पहुंचाया। अचानक गांव में हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि झुंड में हाथी का एक बच्चा भी है, जिसके कारण झुंड को ज्यादा आक्रामक माना जा रहा है। हाथियों की दहशत से सहमे ग्रामीण हाथियों ने घरों को नुकसान पहुंचाने के अलावा अंदर रखा खाने-पीने का सामान भी खराब कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, रातभर हाथियों के गांव में रहने से लोगों में डर बना रहा। कोई भी घर से बाहर निकलने या हाथियों के पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। हाथियों ने आसपास के खेतों में खड़ी फसलों को भी रौंदकर नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि इसी झुंड ने ग्राम लवाहोरी क्षेत्र में भी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने प्रभावित घरों और खेतों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। फिलहाल विभाग की ओर से नुकसान का सर्वे किया जा रहा है। तीन महीने से घूम रहा हाथियों का झुंड पार्क क्षेत्र अधिकारी शैलेश गुप्ता ने बताया कि 12 हाथियों का यह दल करीब तीन महीने से इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सावधानीपूर्वक हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया। नुकसान का आकलन करने के बाद नियम के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि रात के समय जंगल या उन इलाकों में न जाएं, जहां हाथियों के आने की संभावना रहती है। साथ ही हाथियों को किसी भी तरह परेशान या उकसाने से बचें। आबादी वाले इलाकों में लगातार हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर बढ़ रहा है। इसके साथ ही फसल और संपत्ति को नुकसान होने की चिंता भी बनी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *