प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी), प्रयागराज ने साक्षात्कार के लिए 389 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। इन पदों के लिए 27 से 30 अक्टूबर तक इंटरव्यू होंगे। अभ्यर्थी 14 अक्टूबर से आयोग की वेबसाइट से कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। 813 में से 722 अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा आयोग ने विज्ञापन संख्या 02/2022 के तहत प्राचार्य पदों पर चयन के लिए 24 सितंबर 2026 को लखनऊ के दो केंद्रों पर लिखित परीक्षा कराई थी। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक हुई परीक्षा में पंजीकृत 813 अभ्यर्थियों में से 722 शामिल हुए थे। इस तरह 88.81 प्रतिशत उपस्थिति रही, जबकि 91 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 90.36 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की 88.36 प्रतिशत दर्ज की गई। आपत्तियों के निस्तारण के बाद घोषित हुआ परिणाम लिखित परीक्षा के बाद आयोग ने 26 सितंबर को अनंतिम उत्तरकुंजी जारी कर ऑनलाइन आपत्तियां मांगी थीं। विषय विशेषज्ञों से आपत्तियों का निस्तारण कराने और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के बाद 389 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर अपना परिणाम देख सकते हैं। अभिलेख अपलोड करने के बाद डाउनलोड करें कॉल लेटर आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार, साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक अभिलेख, कार्य अनुभव प्रमाण-पत्र और निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र आयोग के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके बाद 14 अक्टूबर से साक्षात्कार-पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे। अभिलेख अपलोड करने से जुड़े दिशा-निर्देश, महत्वपूर्ण निर्देश और शपथ-पत्र का प्रारूप आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। एआई कैमरों से हुई थी परीक्षा की निगरानी आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा की निगरानी के लिए प्रयागराज मुख्यालय में एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम स्थापित किए जाने की जानकारी दी थी। यहां से लखनऊ के दोनों परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी और आधुनिक एआई कैमरों के जरिए निगरानी की गई थी।

