मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना में एक 18 साल के युवक ने खुद को गोली मार ली। युवक ने यह कदम एडमिशन को लेकर परिजनों से नाराज होकर उठाया। उसे गंभीर हालत में मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। दिनेश विहार निवासी दीपक का बेटा हनि इस साल 12वीं कक्षा पास कर चुका है। वह आगे किसी कोर्स में एडमिशन लेना चाहता था। इसी बात को लेकर उसकी परिजनों से चर्चा चल रही थी, लेकिन परिजनों ने उसके एडमिशन का विरोध किया। आरोप है कि इस बात से हनि काफी नाराज और तनाव में था। शुक्रवार को हनि ने अपने घर पर ही अपनी छाती में गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए इलाज शुरू किया। युवक की हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने किस हथियार से गोली चलाई और वह हथियार उसके पास कैसे आया। पुलिस परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, हनि के पिता दीपक किसान हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक के बयान और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।

