राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर गुरुवार को लखनऊ पुलिस एक्शन में नजर आई। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के निर्देश पर हजरतगंज क्षेत्र में नेशनल पीजी कॉलेज से लेकर प्रमुख सड़कों तक एंटी रोमियो अभियान के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं को जागरूक भी किया गया। इस अभियान का नेतृत्व संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार, हजरतगंज एसीपी रजनीश वर्मा और हजरतगंज कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह ने किया। पुलिस टीम ने नेशनल पीजी कॉलेज और हजरतगंज की मुख्य सड़कों पर गश्त करते हुए संदिग्ध रूप से घूम रहे युवकों से पूछताछ की और नियम उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी दी। पिंक स्कूटी टीम ने छात्राओं को किया जागरूक अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम के साथ पहुंची पिंक स्कूटी टीम ने नेशनल पीजी कॉलेज परिसर और आसपास मौजूद छात्राओं से संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाले हेल्पलाइन नंबरों—112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वुमन पावर लाइन), और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया। महिला सुरक्षा पहली प्राथमिकता पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों, कॉलेजों और बाजारों में महिलाओं तथा छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए एंटी रोमियो और पिंक पैट्रोल टीमों का यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

