हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल में ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिलवां के पास शुक्रवार सुबह दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में नकड़ोह निवासी 68 साल के राजेंद्र प्रसाद की मौत हो गई। उनके बेटे गौरव जसवाल, पोती अन्वी जसवाल और पोते आरव जसवाल घायल हो गए। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। गौरव अपने पिता राजेंद्र प्रसाद को दवाई दिलाने के लिए ऊना जा रहे थे। हादसे के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान राजेंद्र प्रसाद ने दम तोड़ दिया। एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह खराब हो गए। हालांकि, दोनों गाड़ियों के एयरबैग खुल गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। ब्रेजा कार में हरियाणा के दो लोग सवार थे, जो सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, ऑल्टो कार में राजेंद्र प्रसाद अपने बेटे गौरव जसवाल और पोती-पोते के साथ ऊना जा रहे थे। दूसरी तरफ, ब्रेजा कार में हरियाणा के पिहोवा से आए लोग मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। दिलवां के पास ब्रेजा ड्राइवर ने अचानक गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और वह सामने से आ रही ऑल्टो से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद घूम गई ब्रेजा कार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों का अगला हिस्सा पूरी तरह खराब हो गया। ब्रेजा कार अंब की तरफ जा रही थी, लेकिन टक्कर के बाद वह घूमकर ऊना की तरफ हो गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों गाड़ियों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एम्बुलेंस को खबर दी। इस दुर्घटना के बाद ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पर असर पड़ा। कुछ देर तक गाड़ियां एक ही लाइन से निकलती रहीं, जिससे सड़क पर जाम लग गया। पुलिस टीम को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने खराब हुई गाड़ियों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य करवाया। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने हादसे के मामले में ब्रेजा ड्राइवर युवराज सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

