उन्नाव में चबूतरा तोड़ने को लेकर विवाद:बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी-तमंचे से हमले की कोशिश, VIDEO

उन्नाव में चबूतरा तोड़ने को लेकर विवाद:बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी-तमंचे से हमले की कोशिश, VIDEO

उन्नाव के सिविल लाइंस में एक पुराने चबूतरे को तोड़ने पर विवाद हो गया। आरोप है कि एक पड़ोसी ने बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी और तमंचे से हमला करने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए इस विवाद का वीडियो मिला। सदर कोतवाली पुलिस ने वीडियो की जांच की और मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि सिविल लाइंस निवासी हेमंत सिंह सेंगर (40) सोमवार को अपने घर के बाहर एक पुराना चबूतरा तोड़ रहे थे। उनके पड़ोसी गार्गी शंकर मिश्रा (70) पुत्र स्व. गंगाधर मिश्रा ने उन्हें ऐसा करने से रोका, जिसके बाद दोनों में बहस शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, बहस के दौरान हेमंत सिंह सेंगर ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी और तमंचा निकाल लिया। आरोप है कि उन्होंने गार्गी शंकर मिश्रा पर इन हथियारों से हमला करने की कोशिश की। इसी समय किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और हेमंत सिंह सेंगर को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि गार्गी शंकर मिश्रा से शिकायत ली जा रही है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *