ई-रिक्शा की समस्या से कैसे निपटेंगे?:AI का ग्रामीण क्षेत्रों में कैसे करेंगे इस्तेमाल, UPPCS 2025 के इंटरव्यू में पूछे जा रहे ऐसे गंभीर सवाल

ई-रिक्शा की समस्या से कैसे निपटेंगे?:AI का ग्रामीण क्षेत्रों में कैसे करेंगे इस्तेमाल, UPPCS 2025 के इंटरव्यू में पूछे जा रहे ऐसे गंभीर सवाल

यूपी पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा पास करने के बाद अब अभ्यर्थियों की असली परीक्षा इंटरव्यू में हो रही है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के प्रयागराज स्थित सरस्वती भवन में मंगलवार से शुरू हुए साक्षात्कार में अभ्यर्थियों से केवल किताबों से जुड़े सवाल नहीं पूछे जा रहे, बल्कि उन्हें प्रशासनिक चुनौतियों से जुड़े जमीनी सवालों का सामना करना पड़ रहा है। बोर्ड यह जानने की कोशिश कर रहा है कि अभ्यर्थी किसी समस्या को अधिकारी के तौर पर किस तरह समझते हैं और उसका समाधान कैसे निकालते हैं। इंटरव्यू में अभ्यर्थियों से पूछा जा रहा है कि शहरों में बढ़ती ई-रिक्शा की समस्या से कैसे निपटेंगे? ग्रामीण क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है? बालिकाओं की शिक्षा बढ़ाने के लिए अधिकारी के तौर पर क्या कदम उठाएंगे? इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय संबंध, उत्तर प्रदेश की जीडीपी में हिस्सेदारी, डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, बुंदेलखंड का विकास, बाढ़ प्रबंधन और बुनियादी ढांचे से जुड़े सवाल भी पूछे जा रहे हैं। दो पालियों में हो रहा इंटरव्यू मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किए गए 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है। साक्षात्कार प्रतिदिन दो पालियों में हो रहा है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शुरू होती है। आयोग परिसर में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के शैक्षणिक और अन्य मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए आवेदन पत्र, प्रमाणीकरण प्रपत्र, अधिमान्यता प्रपत्र और श्रेणी से संबंधित प्रमाणपत्रों के स्वप्रमाणित सेट जमा कराए जा रहे हैं। 15 से 25 मिनट तक चल रहा इंटरव्यू इंटरव्यू बोर्ड में चार विषय विशेषज्ञ शामिल हैं। अभ्यर्थियों के शैक्षणिक बैकग्राउंड के साथ ही समसामयिक घटनाओं और प्रशासनिक परिस्थितियों पर सवाल किए जा रहे हैं। एक अभ्यर्थी का इंटरव्यू औसतन 15 से 25 मिनट तक चल रहा है। इंटरव्यू देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के मुताबिक बोर्ड का माहौल तनावपूर्ण बनाने के बजाय संवादात्मक रखा जा रहा है। सवालों में प्रशासनिक समझ पर जोर इस बार इंटरव्यू में अभ्यर्थियों के सामने काल्पनिक परिस्थितियां रखकर उनकी निर्णय क्षमता परखी जा रही है। ई-रिक्शा के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए क्या योजना बनाएंगे, बालिकाओं की शिक्षा के लिए कौन से कदम उठाएंगे और बाढ़ जैसी आपदा में प्रशासन की प्राथमिकताएं क्या होंगी—ऐसे सवालों के जरिए अभ्यर्थियों की व्यावहारिक सोच परखी जा रही है। लॉ बैकग्राउंड वाले अभ्यर्थियों से कानून से जुड़े सवाल किए जा रहे हैं। वहीं पहले से सरकारी सेवा में कार्यरत अभ्यर्थियों से उनके वर्तमान पद, प्रशासनिक अनुभव और सुधारों से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। इनमें जीएसटी संग्रह बढ़ाने और व्यापारियों को राहत देने जैसे विषय भी शामिल हैं। 10,284 में से 2,297 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सफल यूपीपीएससी ने 17 सितंबर को पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित किया था। मुख्य परीक्षा में शामिल 10,284 अभ्यर्थियों में से 2,297 को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया। पीसीएस परीक्षा के जरिए कुल 28 प्रकार के 814 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें दो पदों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा, जबकि 812 पदों के लिए इंटरव्यू आयोजित किया जा रहा है। 24 अक्टूबर तक चलेगा साक्षात्कार पीसीएस 2025 का इंटरव्यू 24 अक्टूबर तक 19 कार्य दिवसों में पूरा होगा। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी समेत विभिन्न वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर नियुक्ति मिलेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *