इनेलो नेता ओंकार सिंह व महिला आरोपी को राहत:17 अक्टूबर तक गिरफ्तारी पर रोक; जांच में शामिल होने के आदेश

इनेलो नेता ओंकार सिंह व महिला आरोपी को राहत:17 अक्टूबर तक गिरफ्तारी पर रोक; जांच में शामिल होने के आदेश

अंबाला के अजीत नगर में गली निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कोर्ट तक पहुंच गया है। मामले में इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह और महिला आरोपी को अदालत से राहत मिली है। एडिशनल सेशन जज अभिलाषा सपरा कोहली की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ओंकार सिंह और महिला आरोपी की गिरफ्तारी पर 17 अक्टूबर तक रोक लगा दी। साथ ही दोनों को पुलिस जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मामले में आरोपी राजेश शर्मा की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी। इनेलो नेता के अधिवक्ता सुधीर सहगल ने बताया कि सुनवाई के दौरान उनकी ओर से अदालत में तीन वीडियो भी चलाए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने गिरफ्तारी पर रोक का आदेश दिया। अब ओंकार सिंह और महिला आरोपी को पुलिस जांच में शामिल होकर अपना पक्ष रखना होगा। गली निर्माण को लेकर कई महीने से चल रहा था विवाद मामला अंबाला कैंट के वार्ड नंबर-10 के अजीत नगर स्थित गेट नंबर-5 के पास की गली का है। सामने आई जानकारी के अनुसार यहां गली निर्माण का काम लंबे समय से विवाद का कारण बना हुआ था। कारोबारी राजेश शर्मा का आरोप था कि उनके घर के आसपास गली का निर्माण अधूरा पड़ा है और वह लंबे समय से काम पूरा करवाने की मांग कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर उनका वार्ड-10 के भाजपा सदस्य रमन छतवाल के साथ विवाद चलने की बात सामने आई थी। इसी विवाद के बीच सितंबर में इनेलो नेता ओंकार सिंह राजेश शर्मा की समस्या सुनने उनके घर पहुंचे थे। राजेश शर्मा पक्ष का आरोप है कि वह ओंकार सिंह को गली से जुड़ी समस्या बता रहे थे, तभी रमन छतवाल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। पार्षद की शिकायत पर 5 लोग नामजद इस मामले में वार्ड-10 के सदस्य रमन छतवाल की शिकायत पर महेशनगर थाना पुलिस ने इनेलो नेता ओंकार सिंह, राजेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, राजेश शर्मा की पत्नी और गौरव सरोहा समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी। मामले में पुलिस ने आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भी जारी किए थे। सितंबर के आखिर में ओंकार सिंह के घर पर पुलिस ने दबिश दी थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले। बाद में पुलिस ने उनके घर पर जांच में शामिल होने के नोटिस चस्पाए। 3 अक्टूबर को भी पुलिस ने ओंकार सिंह के घर पर तीसरा नोटिस चस्पाने की जानकारी सामने आई थी। अब कोर्ट के आदेश से ओंकार सिंह को राहत इसी गिरफ्तारी की कार्रवाई के बीच ओंकार सिंह और महिला आरोपी ने अदालत का रुख किया था। सोमवार को हुई सुनवाई में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने दोनों की गिरफ्तारी पर 17 अक्टूबर तक रोक लगा दी है। साथ ही पुलिस जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इसी मामले में आरोपी राजेश शर्मा की ओर से लगाई गई जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी। अब पुलिस जांच और कोर्ट की अगली सुनवाई में सामने आने वाले तथ्यों पर मामले की आगे की दिशा तय होगी। ——————————————- ये खबर भी पढ़ें… अंबाला में BJP पार्षद-इनेलो नेता विवाद:ओंकार की गिरफ्तारी के लिए घर पहुंची CIA, परिजनों ने नूंह रैली में होने की बात कही
अंबाला के वार्ड नंबर-10 में BJP पार्षद रमन छतवाल और इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह पक्ष के बीच हुए विवाद में शुक्रवार को नया घटनाक्रम सामने आया। ओंकार सिंह की गिरफ्तारी के लिए CIA की टीम भारी पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंची। हालांकि, ओंकार सिंह घर पर नहीं मिले। परिजनों ने पुलिस को बताया कि ओंकार सिंह नूंह में आयोजित रैली में गए हुए हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *