इटावा में सर्विलांस और एसओजी टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लोगों के गुम हुए अलग-अलग कंपनियों के 100 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने इटावा पुलिस का आभार जताया। मोबाइल गुम होने के बाद लोगों ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के सीईआईआर पोर्टल यानी संचार साथी पोर्टल पर शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके अलावा यूपी कॉप एप पर लॉस्ट आर्टिकल रिपोर्ट और एसएसपी को प्रार्थना पत्र भी दिए गए थे। शिकायतों का संज्ञान लेकर एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सर्विलांस टीम को मोबाइलों की बरामदगी के निर्देश दिए थे।
इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों से मिली सफलता निर्देश के बाद सर्विलांस और एसओजी टीम ने इलेक्ट्रानिक और मैनुअल साक्ष्यों को जुटाकर गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए अलग-अलग स्थानों से 100 मोबाइल बरामद कर लिए। बुधवार को एसएसपी ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
सबसे ज्यादा वीवो के मोबाइल बरामद 100 मोबाइलों में वीवो कंपनी के 27, ओप्पो के 16, रियलमी के 16 और सैमसंग के 14 मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा रेडमी के सात, मोटोरोला के छह, इनफिनिक्स और पोको के तीन-तीन, वनप्लस के तीन, आईक्यू और लावा के दो-दो तथा टैक्नो कंपनी का एक मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस टीम ने किया प्रयास मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई में सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक बेचन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल कुलदीप यादव, अनुराग, राशिद खां, जगपाल, धर्मेंद्र, दुष्यंत और सुधीर शामिल रहे। कांस्टेबल आनंद कुमार, अनुज कुमार, अंकित, गौरव, सुरजीत, अरविंद कुमार, आदेश कुमार, डेविड चौहान और पुष्पेंद्र ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के निर्देश पर टीम ने मोबाइलों की तलाश की। पुलिस के मुताबिक गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए इलेक्ट्रानिक माध्यमों से लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों का इस्तेमाल किया गया।

