इटारसी-खंडवा रेलखंड पर तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने के लिए सर्वे शुरू हो गया है। करीब 198.53 किमी लंबी इस परियोजना के लिए शुरुआती तौर पर 7,449.99 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। रेलवे का लक्ष्य परियोजना पूरी होने के बाद इस व्यस्त रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ाने और संचालन को सुगम बनाने का है। नई लाइनों के बाद ट्रेनों की गति बढ़ाने की योजना है। रेलवे के मुताबिक भविष्य में इस रूट पर ट्रेनें 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी। इससे इटारसी से खंडवा के बीच करीब तीन घंटे का सफर घटकर लगभग दो घंटे होने की उम्मीद है। फिलहाल इस रेलखंड पर 50 से ज्यादा यात्री ट्रेनें और कई मालगाड़ियां संचालित होती हैं। दोहरी रेल लाइन होने के कारण ट्रेनों के संचालन के दौरान क्रॉसिंग और ट्रैक क्षमता की वजह से दिक्कत आती है। तीसरी और चौथी लाइन बनने से यात्री और माल परिवहन की क्षमता बढ़ेगी। रेलवे ने परियोजना को करीब चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल सर्वे का काम चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद डीपीआर तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और फिर निर्माण कार्य कराया जाएगा। दोनों नई लाइनों से कुल ट्रैक लंबाई 442.880 किमी परियोजना में तीसरी और चौथी लाइन को शामिल करने पर दोनों नई लाइनों की कुल ट्रैक लंबाई 442.880 किमी होगी। अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होने से इस रूट की रेल परिवहन क्षमता में विस्तार होगा। भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन की संभावना मौजूदा ट्रैक क्षमता सीमित होने के कारण इस रूट पर नई ट्रेनों के संचालन की गुंजाइश भी प्रभावित होती है। तीसरी और चौथी लाइन बनने के बाद अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के लिए क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। सर्वे के बाद रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी डीपीआर पश्चिम-मध्य रेलवे के PRO नवल अग्रवाल के अनुसार, इटारसी-खंडवा के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन की घोषणा हो चुकी है और फिलहाल सर्वे चल रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

