इज़रायल और ईरान में फिर शुरू होगा युद्ध? इज़रायली रक्षा मंत्री ने दी हमले की धमकी

इज़रायल और ईरान में फिर शुरू होगा युद्ध? इज़रायली रक्षा मंत्री ने दी हमले की धमकी

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच करीब एक महीने बाद फिर से हमलों का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे पूरे मिडिल ईस्ट में स्थिति काफी गंभीर हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) लगातार ईरान को धमकी देने और बयानबाजी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। ट्रंप ने तो होर्मुज स्ट्रेट का नाम बदलकर ट्रंप स्ट्रेट करने का भी सुझाव दे दिया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव में एक बार फिर इज़रायल आगे आया है। इज़रायली रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज़ (Israel Katz) ने ईरान को बड़ी धमकी दे दी है।

ईरान पर हमले की दी धमकी

इज़रायली रक्षा मंत्री काट्ज़ ने धमकी देते हुए कहा, “अगर ईरान इज़रायल पर हमला करता है, तो इससे ईरान पर हमला करने को लेकर इज़रायल पर लगी सभी पाबंदियाँ खत्म हो जाएंगी। हम ईरान के सभी राष्ट्रीय, सैन्य और नागरिक इंफ्रास्ट्रक्चर, जिसमें ऊर्जा से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल हैं, पर हमला करेंगे। ऐसा करते हुए हम ईरान को वापस पाषाण युग और अंधेरे में धकेल देंगे।

इज़रायली सेना है तैयार

जुलाई में एक सैन्य समारोह के दौरान काट्ज़ ने साफ कर दिया था कि अगर ज़रूरत पड़ी, तो ईरान पर और भी ज़्यादा ताकत से हमला करने के लिए इज़रायली सेना तैयार है। काट्ज़ ने चेतावनी देते हुए कहा था कि इज़रायली सेना जंग फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है और अलर्ट मोड पर है। काट्ज़ ने यह भी कहा था कि ईरान के खिलाफ इज़रायल का सैन्य अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है।

क्या फिर शुरू होगा इज़रायल-ईरान में युद्ध?

इज़रायली रक्षा मंत्री काट्ज़ की धमकी से इज़रायल और ईरान के बीच एक बार फिर से युद्ध शुरू होने की संभावना पैदा हो गई है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई है। पिछले साल से अब तक दोनों देशों के बीच दो बार युद्ध भी हो चुका है। पिछले साल जून में इज़रायल और ईरान के बीच 12 दिन युद्ध चला था। इस साल फरवरी में भी ईरान-अमेरिका इज़रायल युद्ध करीब 40 दिन चला था। अगर दोनों देशों के बीच तीसरी बार युद्ध शुरू हुआ, तो मिडिल ईस्ट में भारी तबाही मच सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *