इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का वादा और फिर प्रताड़ना का आरोप, सलाखों के पीछे पहुंचा पूर्व WWE स्टार सौरव गुर्जर

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का वादा और फिर प्रताड़ना का आरोप, सलाखों के पीछे पहुंचा पूर्व WWE स्टार सौरव गुर्जर

Saurav Gurjar: अभिनेता और पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर को गच्चीबोवली पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया। पुलिस उन्हें हैदराबाद लेकर पहुंची, जहां मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। अदालत ने सौरव गुर्जर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामला 29 वर्षीय महिला की शिकायत से जुड़ा है, जिसमें उसने शादी का झांसा देकर शोषण और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला ने 15 अगस्त को साइबराबाद के गच्चीबोवली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

इंस्टाग्राम के जरिए हुई पहचान

शिकायत के अनुसार उसकी सौरव गुर्जर से वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे दोनों के बीच करीबी संबंध बन गए। महिला ने पुलिस को बताया कि दोनों की पहली मुलाकात 25 दिसंबर 2021 को हुई थी। महिला का आरोप है कि सौरव ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था।

कारोबार का दिया था भरोसा

शिकायतकर्ता के मुताबिक इस दौरान उसे शारीरिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। महिला ने आरोप लगाया कि सौरव ने उसे अमेरिका की नौकरी छोड़ने के लिए भी कहा था। उसने साथ मिलकर कारोबार शुरू करने का भरोसा दिया था। महिला के अनुसार बाद में कथित प्रताड़ना का असर उसके काम पर भी पड़ा और वह नौकरी पर ठीक से ध्यान नहीं दे पा रही थी। शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह सौरव से शादी को लेकर सवाल करती थी तो वह उसका फोन नंबर ब्लॉक कर देता था और उससे दूरी बनाने लगता था।

एयरपोर्ट से हिरासत में लिया

महिला के मुताबिक सौरव अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक उसके साथ रहा। इसके बाद वह हैदराबाद लौटकर भी कई बार उससे मिला, लेकिन बाद में बिना जानकारी दिए अचानक वहां से चला गया। शिकायत के आधार पर गच्चीबोवली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सौरव की तलाश करते हुए उसे मुंबई में ट्रेस किया और एयरपोर्ट से हिरासत में लेकर हैदराबाद पहुंचाया। पुलिस अब महिला की ओर से लगाए गए आरोपों, शादी के कथित वादे और दोनों के संबंधों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *