इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के सुदामा नगर में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवर और चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। मकान मालिक 19 सितंबर को माता-पिता को हरिद्वार जाने के लिए रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। इसके बाद वे सुखलिया स्थित बुआ के घर चले गए। अगले दिन रात को लौटे तो घर में चोरी हो चुकी थी। पीड़ित मलय बिल्लौरे ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद वे शिकायत करने थाने पहुंचे थे, लेकिन दो दिन बाद मंगलवार को FIR दर्ज की गई। बुआ के घर से लौटे तो टूटी मिली खिड़की अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार, चोरी सेक्टर-ई, सुदामा नगर निवासी मलय बिल्लौरे के घर हुई। मलय निजी इंश्योरेंस कंपनी में काम करते हैं। 19 सितंबर की दोपहर वे माता-पिता को हरिद्वार जाने के लिए रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वहां से सीधे सुखलिया में बुआ के घर चले गए। 20 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे वे घर लौटे। मुख्य दरवाजे का ताला खोलने के बाद भी दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पीछे जाकर देखा तो खिड़की टूटी हुई थी। मलय ने खिड़की से हाथ डालकर अंदर का लॉक खोला। कमरे में बिखरा था सामान, जेवर गायब घर के अंदर पहुंचने पर दादी और मां के कमरे का सामान बिखरा हुआ था। चोरी का पता चलने पर मलय ने मां से संपर्क किया। उन्होंने घर में रखे गहनों की सूची भेजी। पुलिस के अनुसार, चोर 2 सोने के मंगलसूत्र, 1 सोने का हार, 5 सोने की चेन, 2 अंगूठियां, 1 लॉकेट, 1 जोड़ी झुमकी, 3 जोड़ी कान के बूंदे और 1 सोने का टुकड़ा ले गए। इसके अलावा चांदी की 3 जोड़ी पायल, 1 अंगूठी, छोटा गिलास, दीपक, चेन और करीब 12 चांदी के सिक्के भी चोरी हुए हैं। घर और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस मलय के मुताबिक, घटना के बाद ही वे शिकायत करने थाने पहुंच गए थे। उनका आरोप है कि पुलिस ने दो दिन बाद मंगलवार को FIR दर्ज की। पुलिस ने अब मामला दर्ज कर लिया है। घर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

