इंदौर में दो अलग-अलग सड़क हादसे:ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, डिवाइडर पर चढ़ी कार

इंदौर में दो अलग-अलग सड़क हादसे:ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, डिवाइडर पर चढ़ी कार

इंदौर और आसपास के इलाकों में गुरुवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। सांवेर-उज्जैन रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तेजाजी नगर बायपास पर दो वाहनों की टक्कर के बाद एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई। दूसरे हादसे में कार सवार युवकों को चोटें आई हैं। ट्रक की टक्कर के बाद बाइक में लगी आग, युवक की मौत सांवेर-उज्जैन रोड पर रामा फॉस्फेट कंपनी के सामने गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, खातीपुरा, इंदौर निवासी मनीष चौधरी बाइक से सांवेर से इंदौर लौट रहे थे। सांवेर के पास उनकी खेती है और वह खेत का काम निपटाकर घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मनीष ट्रक के पहियों के नीचे फंस गए। बाइक सड़क पर घिसटने के दौरान उसमें आग लग गई। गंभीर चोटों के कारण मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सांवेर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और बाइक में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद आक्रोशित राहगीरों और स्थानीय लोगों ने ट्रक पर पथराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल ली। सांवेर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जब्त कर लिया है। मामले में मर्ग कायम कर फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। दो वाहनों की टक्कर के बाद डिवाइडर पर चढ़ी कार दूसरा हादसा तेजाजी नगर बायपास पर सेज यूनिवर्सिटी के पास गुरुवार देर रात हुआ। यहां एक ट्रक और दूसरी अज्ञात कार की टक्कर के बाद एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवार युवकों को गंभीर नुकसान होने से बचाव हुआ। हालांकि, दुर्घटना में उन्हें चोटें आईं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर तेजाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *