‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में रोस्ट हुईं सुरभि वंजारा, ट्रोल्स को दिया करारा जवाब- ‘मम्मी जी ने मुझे ट्रेन किया है’

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में रोस्ट हुईं सुरभि वंजारा, ट्रोल्स को दिया करारा जवाब- ‘मम्मी जी ने मुझे ट्रेन किया है’

Surbhi Vanzara after India’s Got Latent: एक्ट्रेस सुरभि वंजारा हाल ही में समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में नजर आईं। शो में उनके स्टैंड-अप पर जमकर रोस्ट हुआ और इसके बाद सोशल मीडिया पर भी उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब सुरभि ने शो के बाद अपना पहला वीडियो शेयर कर ट्रोल्स को लेकर मजेदार अंदाज में अपनी बात रखी है। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें न तो रोस्ट से डर लगा और न ही ट्रोलिंग से, क्योंकि उनकी सास ने उन्हें पहले ही हर तरह की आलोचना का सामना करने के लिए ‘ट्रेन’ कर दिया है।

‘लोग मुझ पर हंस रहे थे, मैं क्यों डरूंगी?

‘मर्डर’ और ‘तुमसा नहीं देखा: ए लव स्टोरी’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं सुरभि वंजारा ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के लेटेस्ट एपिसोड में पहुंची थीं। इस एपिसोड में राखी सावंत, अशनीर ग्रोवर, कुशाग्र श्रीवास्तव और बलराज घई जजिंग पैनल का हिस्सा थे।

शो में अपनी मौजूदगी के बाद सुरभि ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। इसका कैप्शन था, ‘मम्मीजी की बहू Vs इंडियाज गॉट लेटेंट।’ वीडियो में उन्होंने शो में हुए रोस्ट को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने स्टैंड-अप किया और वहां मौजूद लोग उनके सेट पर नहीं, बल्कि उन पर हंस रहे थे। सुरभि ने बताया कि उनकी सास ने भी एपिसोड देखा और उनसे पूछा कि जब सभी लोग हंस रहे थे और उनके बारे में बातें कर रहे थे, तब उन्हें डर क्यों नहीं लगा।

‘मैं पहले आपकी बहू हूं, हाउसवाइफ हूं’

इसके बाद सुरभि ने पूरी बात का श्रेय अपनी सास को देते हुए कहा कि वह स्टैंड-अप कॉमेडियन या एक्टर बाद में हैं, सबसे पहले उनकी बहू और हाउसवाइफ हैं। उनके मुताबिक, घर में उनकी सास ने जिस तरह उन्हें छोटी-छोटी बातों पर आलोचना सुनने की आदत डाली, उसके बाद बाहर की ट्रोलिंग उन्हें ज्यादा परेशान नहीं कर सकती। उन्होंने मजाक में कहा कि जब उनकी सास ने उन्हें ‘ट्रेन’ कर दिया है, तो अब दुनिया के लोग उनके बारे में क्या ही कहेंगे।

‘दाल ढोकली से लेकर बैंगन के भर्ते तक’

सुरभि ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि जब उन्होंने घर में खाना बनाना शुरू किया था, तब उनकी सास उनके बनाए खाने में भी खूब कमियां निकालती थीं। उन्होंने दाल ढोकली और बैंगन के भर्ते से जुड़े किस्से भी सुनाए।

एक्ट्रेस ने बताया कि उनकी सास ने कभी दाल ढोकली को लेकर मजाक किया था कि वह दाल ढोकली नहीं, बल्कि ‘एकदम खोखली’ है। वहीं, बैंगन के भर्ते को लेकर भी उन्होंने मजेदार टिप्पणी की थी। सुरभि का कहना था कि जब वह घर पर इस तरह की टिप्पणियां सुन चुकी हैं, तो शो के जज या सोशल मीडिया पर लोग उनके बारे में कुछ कहें, इससे उन्हें डरने की जरूरत नहीं लगती।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के बाद शेयर किया वीडियो

शो में अपनी अपीयरेंस के बाद सुरभि का यह वीडियो उनके ट्रोलिंग और रोस्ट को हल्के-फुल्के अंदाज में लेने का तरीका माना जा सकता है। उन्होंने वीडियो के जरिए यह भी साफ किया कि आलोचना से वह घबराने वाली नहीं हैं और अपने अनुभव को मजाक में बदलना जानती हैं।

सुरभि वंजारा ने अपने वीडियो के आखिर में भी अपनी सास का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने उन्हें आलोचनाओं का सामना करना सिखा दिया है, तो फिर वह दुनिया में किसी से क्यों डरेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *