आगरा में दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जूनियर बॉयज हॉस्टल के प्रांगण में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रेरक और गरिमामयी कार्यक्रम में लगभग 170 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, डीईआई के कुलसचिव प्रो. संजीव स्वामी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक डॉ. सनिल कुमार तथा हॉस्टल वार्डन डॉ. जे. के. अरोरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रो. संजीव स्वामी ने युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक मूल्यों के संचार पर बल दिया। उन्होंने छात्रों को जीवन में सेवा के महत्व के बारे में बताया और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन चरित्र निर्माण की नींव है, इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस समन्वयक डॉ. सनिल कुमार ने छात्रों के लिए ‘विकसित भारत युवा लीडर डायलॉग’ (VBYLD) क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कराया। छात्रों ने इसमें गहरी रुचि दिखाई और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित प्रश्नों के उत्साहपूर्वक उत्तर दिए। कार्यक्रम का कुशल संचालन सीनियर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रजनीश मीना ने किया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को निरंतर समाज कल्याण के कार्यों से जुड़े रहने का संदेश दिया। अंत में हॉस्टल वार्डन डॉ. जे. के. अरोरा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्र स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प और राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

