मोहना हाईवे पर रेहट के पास आबकारी विभाग ने रविवार रात अवैध शराब और नकली पेट्रोल बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी। महाकाल ढाबे के पास दो कमरों के मकान में यह कारोबार चल रहा था। टीम ने यहां से 2600 लीटर ओपी (इथेनॉल), 63 बल्क लीटर शराब, 20 ड्रम पेट्रोल और 18 ड्रम थिनर बरामद किया। जब्त इथेनॉल से करीब 32 लाख रुपए की शराब बनाई जा सकती थी। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में पेट्रोल में थिनर, इथेनॉल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मिलाकर नकली पेट्रोल तैयार किया जाता था। तैयार पेट्रोल हाइवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को बेचने की बात सामने आई है। भारी मात्रा में ज्वलनशील थिनर मिलने के बाद आबकारी विभाग ने इसे पुलिस को भी सौंपा है। पहले भी पकड़ी जा चुकी है अवैध शराब की फैक्ट्री
इसी हाईवे पर करीब 11 महीने पहले 26 अक्टूबर 2025 को आबकारी विभाग ने अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी थी। उस मामले में भाजपा और कांग्रेस नेताओं के साझेदार होने की बात सामने आई थी। अब उसी क्षेत्र में दोबारा बड़ी फैक्ट्री संचालित मिलने से आबकारी कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। ये लोग चला रहे थे फैक्ट्री, घेराबंदी कर मारा छापा
आबकारी विभाग की टीम ने रविवार को हाईवे के ढाबों पर कार्रवाई कर शराब जब्त की थी और 9 प्रकरण दर्ज किए थे। इसी दौरान राजेश तिवारी को रेहट हाईवे पर अवैध फैक्ट्री चलने की सूचना मिली। पुष्टि के बाद सहायक आयुक्त राजनारायण सोनी के निर्देश पर अलग-अलग टीमें बनाई गईं। महाकाल ढाबे और उसके पास की गली की आगे-पीछे से घेराबंदी कर छापा मारा गया। पता चला कि फैक्ट्री सौरभ गुर्जर, अनिल शर्मा और अरबाज खान मिलकर चला रहे थे। मकान अनिल शर्मा का था। दूध, मावा, शराब, रेत के बाद अब नकली पेट्रोल भी
चंबल संभाग नकली दूध, मावा, पनीर व शराब बनाने के लिए कुख्यात है, यहां नकली रेत भी बनने लगी है। अब नकली कारोबारियों ने नकली पेट्रोल भी बनाकर पेट्रोलियम कंपनियों को भी चुनौती दे दी। पकड़े गए आरोपी यह काम कब से कर रहे थे और नकली पेट्रोल व अवैध शराब की सप्लाई कहां तक कर रहे थे यह उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द और खुलासे हो सकते है।

