आदर्श विद्या मंदिर की छात्राओं ने सैनिकों को भेजीं राखियां:डाक के जरिए सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचेगा देश की बेटियों का प्यार

आदर्श विद्या मंदिर की छात्राओं ने सैनिकों को भेजीं राखियां:डाक के जरिए सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचेगा देश की बेटियों का प्यार

सिरोही के आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने रक्षाबंधन के पर्व पर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए राखियां भेजकर राष्ट्रप्रेम की अनूठी मिसाल पेश की। स्थानीय भामाशाहों के सहयोग से छात्राओं ने राखियां तैयार कीं और इन्हें भारतीय सेना के पते पर डाक के माध्यम से भेजा। विद्यालय प्रांगण में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में छात्राओं ने राखियों के बंडल तैयार कर उन्हें सुरक्षित रूप से सील किया। स्थानीय डाक कार्यालय से अधिकारी राजेंद्र सिंह की मौजूदगी में राखियों को डाक प्रक्रिया के जरिए सेना के लिए रवाना किया गया। जवानों के त्याग को किया नमन
प्रिंसिपल डूंगर सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय सैनिक बर्फीली सीमाओं से लेकर तपते रेगिस्तान तक विषम परिस्थितियों में दिन-रात देश की रक्षा में डटे रहते हैं। जवानों के इसी साहस और त्याग के कारण देशवासी सुरक्षित जीवन जीते हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की ओर से भेजी गई राखियां केवल रक्षासूत्र नहीं, बल्कि सरहद पर तैनात जवानों के प्रति देश की बेटियों का स्नेह, सम्मान और कृतज्ञता हैं। इन राखियों के जरिए सैनिकों को यह संदेश भी दिया गया है कि वे भले ही अपने परिवार से दूर हों, लेकिन पूरा देश उनके साथ खड़ा है। राखी जवान की कलाई पर बंधेगी, यही सबसे बड़ा गर्व
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचपन से ही राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और देश के रक्षकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। राखियां भेजने को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह रहा। छात्राओं ने कहा कि उनके हाथों से भेजी गई राखी जब सीमा पर किसी जवान की कलाई पर बंधेगी, तो वह उनके लिए गर्व और सौभाग्य का क्षण होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *