शादी में एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च, इसके बाद कथित तौर पर 30 लाख रुपये की मांग पूरी करने के बावजूद एक नवविवाहिता को ससुराल की चौखट पर ही अपने हक के लिए धरना देना पड़ा। बुधवार को नंगलाबट्टू निवासी ऋतु गुप्ता आठ माह की बेटी को गोद में लेकर पति अनमोल गुप्ता के घर पहुंची, लेकिन ससुरालियों ने दरवाजा नहीं खोला। पुलिस मौके पर पहुंची तो भी अंदर से कुंडी नहीं खुली। ऋतु ने आरोप लगाया कि बेटी पैदा होने के बाद से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है और दहेज के लिए परेशान किया जा रहा है। उसने पति पर नशा करने और किसी अन्य युवती से संबंध होने का भी आरोप लगाया। घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ऋतु पक्षों को सिविल लाइन थाने ले गई। यहां ऋतु के परिवार ने एसएचओ अखिलेश कुमार गौड़ को तहरीर दी। सिकंदराबाद निवासी मोनू पुत्र सुधीर ने बताया कि उनकी बहन ऋतु गुप्ता की शादी 18 फरवरी, 2025 को मेरठ के नंगलाबट्टू निवासी अनमोल गुप्ता के साथ हुई थी। परिवार का दावा है कि गाजियाबाद के एक बड़े मंडप में हुई शादी में एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए। आरोप है कि शादी के बाद भी ससुराल पक्ष की मांग खत्म नहीं हुई। 30 लाख रुपये की मांग की गई, जिसे परिवार ने पूरा कर दिया। इसके बावजूद ऋतु को परेशान किया जाता रहा। डिलीवरी से पहले मायके भेजा, बेटी हुई तो नहीं बुलाया
मोनू के मुताबिक, ऋतु की डिलीवरी से ठीक पहले उसे उसकी सास उर्वशी के द्वारा मायके भेज दिया गया। 23 दिसंबर, 2025 को ऋतु ने एक बेटी को जन्म दिया। परिवार का आरोप है कि बेटी का जन्म ससुराल पक्ष को नागवार गुजरा। इसके बाद ऋतु को वापस ससुराल नहीं बुलाया गया और वह लगातार मायके में रहने को मजबूर रही। बुधवार को परिवार ने तय किया कि ऋतु को उसके पति के घर पहुंचाकर पूरे मामले का समाधान कराया जाए। इसी के बाद वह बेटी को लेकर ससुराल पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद, पुलिस भी पहुंची
ऋतु के पहुंचते ही ससुराल पक्ष ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। ऋतु और उसके परिवार ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कोई बाहर नहीं आया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन अनमोल पक्ष ऋतु को घर के अंदर प्रवेश देने को तैयार नहीं हुआ। ऋतु ने पति पर नशा करने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। परिवार का आरोप है कि शादी में भारी रकम खर्च करने और बाद में 30 लाख रुपये देने के बावजूद उनकी बेटी के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। पति के दूसरी युवती से संबंध का आरोप
मोनू ने बताया कि कुछ दिन पहले परिवार को जानकारी हुई कि अनमोल का किसी अन्य युवती से संबंध है। उनका आरोप है कि इसी वजह से अनमोल ऋतु को अपने साथ रखने को तैयार नहीं है। हालांकि यह आरोप परिवार की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है। मोनू ने यह भी बताया कि अनमोल शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी नेता नवीन गुप्ता का सगा भांजा है। उनके मुताबिक नवीन गुप्ता ने ही ऋतु और अनमोल का रिश्ता कराया था। विवाद की जानकारी मिलने के बाद नवीन गुप्ता भी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उनके लिए भी दरवाजा नहीं खोला। सास बोलीं- अनमोल को बेदखल कर चुके हैं
मौके पर पुलिस की मौजूदगी में अनमोल की मां उर्वशी ने कहा कि वह अपने बेटे अनमोल को बेदखल कर चुकी हैं और अब उनका अनमोल तथा ऋतु दोनों से कोई रिश्ता नहीं है। इस पर ऋतु के भाई मोनू ने सवाल खड़ा कर दिया। उसने कहा कि यदि अनमोल को घर से बेदखल किया जा चुका है तो वह घर के अंदर कैसे मौजूद है? इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ। घंटों चला हंगामा, थाने पहुंचा मामला
काफी देर तक चले हंगामे के बाद सिविल लाइन पुलिस सभी संबंधित लोगों को थाने ले गई। यहां ऋतु और उसके परिवार ने एसएचओ अखिलेश कुमार गौड़ को पूरे मामले की जानकारी दी। परिवार की ओर से लिखित सूचना भी दी गई। इसके बाद सभी लोग थाने से लौट गए। हालांकि उन्होंने सिकंदराबाद से इस संबंध में कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। चौखट पर गोद में बच्ची लेकर बैठी रही ऋतु
बुधवार को पूरे घटनाक्रम के दौरान ऋतु अपनी आठ माह की बेटी को गोद में लेकर ससुराल के बाहर बैठी रही। उसका कहना था कि वह अपने पति के घर में रहना चाहती है और उसे उसका अधिकार दिया जाए। वहीं उसके परिवार ने दहेज उत्पीड़न और बेटी पैदा होने के बाद प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर ससुराल पक्ष इन आरोपों से अलग अपना पक्ष रख रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।

