आज से 2 दिन ग्वालियर-चंबल में स्ट्रॉन्ग सिस्टम:MP के 19 जिलों में आज भारी बारिश; शिवपुरी-मुरैना समेत 7 जिलों में स्कूल बंद

आज से 2 दिन ग्वालियर-चंबल में स्ट्रॉन्ग सिस्टम:MP के 19 जिलों में आज भारी बारिश; शिवपुरी-मुरैना समेत 7 जिलों में स्कूल बंद

पूर्वी हिस्से को तरबतर करने के बाद मानसूनी सिस्टम मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में एक्टिव है। इस वजह से अगले 2 दिन ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इधर, लगातार बारिश होने की वजह से सीजन में पहली बार पूर्वी हिस्से- जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल में बारिश का आंकड़ा 3% ज्यादा हो गया है। शनिवार को 19 जिलों में अति भारी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। श्योपुर और शिवपुरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, सागर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा और मंदसौर में भी भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, भोपाल, रायसेन, सीहोर, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और दमोह में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के चलते आज स्कूल बंद भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए 5 सितंबर को श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मुरैना, भिंड और ग्वालियर में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। कहीं नर्सरी से 8वीं तक तो कहीं नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अवकाश दिया गया है। कई जिलों में आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है। इन जिलों में आज छुट्टी मुरैना: सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद। श्योपुर: नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल बंद। शिवपुरी: सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्र बंद। गुना: नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद। भिंड: नर्सरी से 8वीं तक छुट्टी। ग्वालियर: नर्सरी से 8वीं तक छुट्टी। रायसेन: सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद। शुक्रवार को बारिश से जुड़ी तस्वीरें देखिए दो दिन दिखेगा असर
मौसम विशेषज्ञों की माने तो 6 सितंबर को भी सिस्टम की सक्रियता रहेगी। हालांकि, इंदौर में तेज बारिश होने का अनुमान नहीं है। 7 और 8 सितंबर को भी कुछ जिलों में तेज बारिश होने का अनुमान है। अब तक 30 इंच बारिश, पूर्वी हिस्से में 3% ज्यादा
IMD (मौसम केंद्र) की माने तो प्रदेश में अब तक 762.7 मिमी यानी, 30 इंच बारिश हो चुकी है। हालांकि, यह अब तक की सामान्य बारिश 32.1 इंच (816 मिमी) की तुलना में 2.1 इंच कम है। वहीं, ओवरऑल 7 प्रतिशत कम पानी गिरा है। पूर्वी हिस्से में 3% ज्यादा और पश्चिमी हिस्से में औसत से 15% बारिश कम हुई है। 31 जिलों में 4% से 23% तक कम बारिश
प्रदेश के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में 1% तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर, सिवनी में 4% से 23% तक कम बारिश हुई है। पिछले एक सप्ताह में यह आंकड़ा काफी सुधरा है। बीते एक सप्ताह से यहां के कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। इससे आंकड़े में सुधार आया और सीजन में पहली बार पूर्वी हिस्सा आंकड़ों में बेहतर रहा है। जिससे आंकड़ा तीन प्रतिशत ज्यादा हो गया है। वहीं, पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, खंडवा, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में औसत से 5% से 54% कम पानी गिरा है। 24 जिलों में ज्यादा बारिश
IMD की माने तो अनूपपुर, छतरपुर, डिंडौरी, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में ही औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मैप से समझें, 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम जून में सूखा, जुलाई-अगस्त में अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, जून में 14% कम बारिश हुई थी। जुलाई की शुरुआती दिनों में तेज बारिश होने से यह बढ़ गया। इसके बाद मानसून दो बार ब्रेक हुआ और कई दिन तक बारिश नहीं हुई। आखिरी सप्ताह में फिर से स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया। बावजूद इसके 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि, जुलाई और फिर अगस्त का भी फुल हो गया, लेकिन जून की भरपाई नहीं हो पाई। यही वजह से अब तक भी प्रदेश में 7 प्रतिशत कम पानी गिरा है। प्रदेश की सामान्य बारिश 37.3 इंच
प्रदेश की सामान्य बारिश 37.3 इंच है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जिले की सामान्य बारिश 38 से 39 इंच तक है। अब जानिए, एमपी के 5 बड़े शहरों में बारिश का रिकॉर्ड… भोपाल में 4 साल से कोटे से ज्यादा बारिश
भोपाल में सितंबर महीने की औसत बारिश 7 इंच है, लेकिन पिछले 5 साल से कोटे से ज्यादा पानी बरस रहा है। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो साल 1961 में पूरे सितंबर माह में 30 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। वहीं, 24 घंटे में सर्वाधिक 9.2 इंच बारिश का रिकॉर्ड 2 सितंबर 1947 को बना था। इस महीने औसत 8 से 10 दिन बारिश होती है। वहीं, दिन में तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। इंदौर में सितंबर में रिकॉर्ड 30 इंच बारिश
इंदौर में सितंबर महीने में रिकॉर्ड 30 इंच बारिश हो चुकी है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड साल 1954 में बना था। वहीं, 20 सितंबर 1987 को 24 घंटे में पौने 7 इंच पानी गिर चुका है। इस महीने इंदौर में औसत 8 दिन बारिश होती है, लेकिन इस बार 15 या इससे अधिक दिन तक बारिश हो सकती है। ग्वालियर में वर्ष 1990 में गिरा था 25 इंच पानी
ग्वालियर में सितंबर 1990 में 647 मिमी यानी साढ़े 25 इंच बारिश हुई थी। यह सितंबर में मासिक बारिश का ओवरऑल रिकॉर्ड है। वहीं, 7 सितंबर 1988 को 24 घंटे में साढ़े 12 इंच बारिश हुई थी। सितंबर में ग्वालियर की औसत बारिश करीब 6 इंच है, लेकिन पिछले चार साल से इससे अधिक बारिश हो रही है। ग्वालियर में इस बार अगस्त में ही बारिश का कोटा पूरा हो गया। ऐसे में सितंबर में जितनी भी बारिश होगी, वह बोनस की तरह ही रहेगी। जबलपुर में 24 घंटे में साढ़े 8 इंच बारिश का रिकॉर्ड
सितंबर महीने में जबलपुर में भी मानसून जमकर बरसता है। 20 सितंबर 1926 को जबलपुर में 24 घंटे के अंदर साढ़े 8 इंच बारिश का रिकॉर्ड है। वहीं, पूरे महीने में 32 इंच बारिश साल 1926 को हो चुकी है। यहां महीने में औसत 10 दिन बारिश होती है। वहीं, सामान्य बारिश साढ़े 8 इंच है। पिछले 3 साल से सामान्य से ज्यादा पानी गिर रहा है। उज्जैन में 1981 में पूरे मानसून का कोटा हो गया था फुल
उज्जैन की सामान्य बारिश 34.81 इंच है, लेकिन वर्ष 1961 में सितंबर की बारिश ने ही पूरे सीजन की बारिश का कोटा फुल कर दिया था। इस महीने 1089 मिमी यानी करीब 43 इंच पानी गिरा था। वहीं, 24 घंटे में सर्वाधिक साढ़े 5 इंच बारिश का रिकॉर्ड 27 सितंबर 1961 को बना था। सितंबर महीने में उज्जैन की सामान्य बारिश पौने 7 इंच है, लेकिन पिछले दो साल से 12 इंच से ज्यादा बारिश हो रही है। इस महीने औसत 7 दिन बारिश होती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *