पंजाब में गैंगस्टरवाद और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर पंजाब कांग्रेस मामलों के प्रभारी सचिन पायलट और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह आज अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचेंगे। आज सोमवार, 19 अक्टूबर को शाम 4 बजे दोनों नेता जंडियाला गुरु क्षेत्र के गांव तलवंडी और गांव मालोवाल पहुंचेंगे। यहां वे गैंगस्टरवाद से प्रभावित परिवारों के साथ मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। परिवारों की समस्याएं सुनेंगे सचिन पायलट और परगट सिंह कांग्रेस नेताओं का यह दौरा पंजाब में गैंगस्टरवाद से जुड़े मामलों और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग के बीच हो रहा है। पार्टी की ओर से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ऐसे परिवारों से मुलाकात की जा रही है। इस दौरान परिवारों की परेशानियों, उनकी मांगों और मामलों में न्याय मिलने की स्थिति को समझने का प्रयास किया जा रहा है। सचिन पायलट-परगट सिंह अब तक 4 जिलों में पहुंचे कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह 16 से 20 अक्टूबर तक पंजाब के 11 जिलों के दौरे पर हैं। 16 अक्टूबर को मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात की। 17 अक्टूबर को मोगा में परमिंदर सिंह विक्की, नंबरदार बलजिंदर सिंह बल्ली और उमरसीर सिंह के परिवारों से मिले। 18 अक्टूबर को जालंधर जिले के नकोदर में कारोबारी टिम्मी चावला, शाहकोट के गांव नंगल अंबियां में कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां और होशियारपुर के गांव मियानी में कारोबारी बलविंदर सिंह के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने गैंगस्टर हिंसा, फिरौती और पंजाब की कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया।

