आजमगढ़ के शहर कोतवाली क्षेत्र के सीताराम मोहल्ले में फंदे से लटकर युवक द्वारा जान देने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रवि वर्मा 32 के रूप में हुई है। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन आत्महत्या की बात कह रहे हैं। लेकिन इसके पीछे की वजह को लेकर वे खुद भी हैरान हैं। रविवार रात रवि सामान्य तरीके से खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उसके भाई आनंद वर्मा ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलने का प्रयास किया गया। लेकिन नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो रवि का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की स्थिति और कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सर्राफा की दुकान चलाता था मृतक
मृतक के भाई ने बताया कि रवि चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह अमरनाथ के पास सराफा की दुकान चलाता था। परिजनों का कहना है कि रवि को किसी तरह की आर्थिक, पारिवारिक या अन्य परेशानी नहीं थी। सभी भाई अलग-अलग रहते थे और रवि भी अपने परिवार के साथ रहता था। शनिवार को रवि अपनी पत्नी और बच्चे के साथ अतरौलिया क्षेत्र के मड़िया स्थित ससुराल गया था। रविवार को वह पत्नी और बच्चे को वहीं छोड़कर अकेले घर लौट आया था।
रवि के साले ने बताया कि कुछ दिन पहले ही परिवार की ओर से करीब 14 लाख रुपये कीमत की जमीन रवि को उपहार में दी गई थी। ऐसे में आर्थिक परेशानी की बात भी परिजन नहीं मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

