आग के बीच ‘हसल 5’ का ग्रैंड फिनाले शूट, अगले दिन सेट पर नजर आईं सोनाली बेंद्रे-अर्चना पूरन सिंह, Video

आग के बीच ‘हसल 5’ का ग्रैंड फिनाले शूट, अगले दिन सेट पर नजर आईं सोनाली बेंद्रे-अर्चना पूरन सिंह, Video

Pati Patni Aur Panga Set Fire: मुंबई की फिल्म सिटी में सोमवार को ‘पति पत्नी और पंगा सीजन 2’ और ‘हसल सीजन 5’ के सेट के बाहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद शो की कास्ट और क्रू की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

घटना के वक्त ‘पति पत्नी और पंगा सीजन 2’ के सेट पर शूटिंग नहीं हो रही थी। वहीं, आग लगने के दौरान पास में ‘हसल सीजन 5’ के ग्रैंड फिनाले की शूटिंग चल रही थी।

अगले दिन सेट पर पहुंचीं सोनाली बेंद्रे और अर्चना पूरन सिंह

आग की घटना के एक दिन बाद मंगलवार को ‘पति पत्नी और पंगा सीजन 2’ के सेट पर सोनाली बेंद्रे, अर्चना पूरन सिंह और अन्य कलाकार नजर आए। सोनाली बेंद्रे ने पैपराजी के सामने खुशी से पोज दिए। वह पिंक आउटफिट में नजर आईं। वहीं, अर्चना पूरन सिंह अपने पति परमित सेठी के साथ जल्दी से सेट के अंदर जाती दिखाई दीं।

बता दें, आग की घटना को लेकर हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए ‘पति पत्नी और पंगा’ की टीम ने घटना की पुष्टि की। टीम ने बताया कि आग सेट के बाहर लगी थी और घटना के वक्त शो की शूटिंग नहीं हो रही थी। टीम के मुताबिक, इस हादसे में कोई कैजुअल्टी नहीं हुई।

क्या ‘रामायण’ के सेट पर लगी थी आग?

आग के वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जाने लगा कि आग रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर ‘रामायण’ के सेट पर लगी है।

टीम ने स्पष्ट किया कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ के सेट पर आग लगने की कोई घटना नहीं हुई है यानी वायरल वीडियो को ‘रामायण’ के सेट से जोड़कर किए जा रहे दावे सही नहीं थे।

10 अक्टूबर को प्रीमियर होगा ‘पति पत्नी और पंगा 2’

इस बीच ‘पति पत्नी और पंगा सीजन 2’ अपने प्रीमियर के लिए तैयार है। शो का प्रीमियर 10 अक्टूबर 2026 को कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर होगा।

शो में मुनव्वर फारुकी और सोनाली बेंद्रे होस्ट के तौर पर वापसी करेंगे। सीजन 2 में नई जोड़ियां बतौर कंटेस्टेंट नजर आएंगी। शो के नए सीजन को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *