आगरा खंदौली थाना क्षेत्र में 20 सितंबर को कार सड़क हादसे में 28 वर्षीय सिपाही हर्ष तोमर की मौत हो गई थी। वहीं दूसरा सिपाही गंभीर घायल हो गया था। दावा है कि कार में एक महिला भी थी। जिसकी बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटे ने सिपाहियों पर मां को धमका कर ले जाने का आरोप लगाया है। कार में महिला भी थी सवार, इलाज के दौरान मौत
चर्चा है कि हादसे के वक्त कार में दो सिपाही और एक महिला सवार थी। एक सिपाही वर्दी में था, दूसरा सादे कपड़ों में। सोशल मीडिया पर सादे कपड़ों में सिपाही के साथ एक महिला का फोटो और वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कार चला रहे वर्दीधारी सिपाही हर्ष की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि पीछे बैठी महिला प्रेमलता गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बीती रात इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया। मृत महिला के बेटे यश ने दो सिपाहियों पर उसकी मां को धमकाकर ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने हादसे की जानकारी छिपाने की कोशिश की। वहीं सिपाही को रात में गश्त पर दिखाए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। ये है पूरा मामला… आगरा में रविवार तड़के सड़क हादसे में 28 वर्षीय सिपाही हर्ष तोमर की मौत हो गई। खंदौली थाने में तैनात हर्ष तोमर साथी सिपाही हरीश शर्मा के साथ कार से उजरई की तरफ से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरीश शर्मा घायल हो गए। रात में नोटिस तामील कराने निकले थे दोनों सिपाही खंदौली थाने में तैनात हर्ष तोमर और हरीश शर्मा की शनिवार शाम चीता मोबाइल पर ड्यूटी लगी थी। रात में दोनों यूजीसी विरोध को लेकर प्रदर्शन करने वालों को नोटिस तामील कराने के लिए निकले थे। रविवार सुबह करीब 3:30 बजे दोनों कार से उजरई की तरफ से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। चालक सीट पर फंसे थे दोनों सिपाही हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों सिपाही कार में फंसे हुए थे। पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला। पल्लवपुरम, मेरठ निवासी 28 वर्षीय हर्ष तोमर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। साथी सिपाही हरीश शर्मा घायल हो गए। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। 2021 बैच के थे हर्ष तोमर हर्ष तोमर वर्ष 2021 बैच के सिपाही थे। वह करीब दो साल से खंदौली थाने में तैनात थे। इससे पहले उन्होंने एत्माद्दौला थाना क्षेत्र की फाउंड्री नगर चौकी में ड्यूटी की थी। वहीं हरीश शर्मा करीब ढाई साल से खंदौली थाने में तैनात हैं। डीसीपी पश्चिमी आदित्य ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद सिपाही हर्ष तोमर के शव को पुलिस लाइन ले जाया गया। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के बाद फरार हुए वाहन की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।

