आगरा विश्वविद्यालय में BSC कृषि के छात्रों का हंगामा:परीक्षा नियंत्रक लापता के लगाए पोस्टर, खोजकर लाने पर 11 रुपए का इनाम

आगरा विश्वविद्यालय में BSC कृषि के छात्रों का हंगामा:परीक्षा नियंत्रक लापता के लगाए पोस्टर, खोजकर लाने पर 11 रुपए का इनाम

आगरा में डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में शनिवार को BSC कृषि के छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान गुस्साए छात्रों ने कार्यालय के गेट पर परीक्षा नियंत्रक लापता के पोस्टर चिपका दिए। इसके अलावा छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक को खोजकर लाने पर 11 रुपए का इनाम रख दिया। छात्रों ने परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी, नंबर कम होने, लंबित रिजल्ट और परीक्षा में शामिल होने के बावजूद अनुपस्थित दिखाने जैसी शिकायतें उठाईं। करीब दो घंटे चले प्रदर्शन के दौरान उन्होंने परिणामों में सुधार और फिर से परीक्षा के नाम पर लिए गए शुल्क के मामले में कार्रवाई की मांग की। रिजल्ट उठाकर देख लो, सब में गड़बड़ी मिलेगी
एनएसयूआई के छात्र नेता अंकुश गौतम ने कहा कि विश्वविद्यालय का कोई भी रिजल्ट उठाकर देख लो, सब में गड़बड़ी मिलेगी। पहले बीयूएमएस, फिर बीएएलएलबी, फिर बीए और अब बीएससी कृषि के रिजल्ट में गड़बड़ी सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी ठीक से काम नहीं कर रही है। विश्वविद्यालय को बचाना है तो एजेंसी को हटाना पड़ेगा। अंकुश ने कहा कि परीक्षा नियंत्रक कोई काम नहीं करते। छात्र शिकायत लेकर आते हैं तो वह पीछे के दरवाजे से भाग जाते हैं। ऐसा परीक्षा नियंत्रक हमें नहीं चाहिए। इसी के विरोध में आज उनके कार्यालय पर लापता होने के पोस्टर लगाए हैं और उन्हें ढूंढने पर 11 रुपए का इनाम भी रखा है। कृषि कोर्स में ऐसी कई गड़बड़ियां
वहीं फिरोजाबाद के नारायण और आदित्य कॉलेज के छात्रों ने बताया कि वे बीएससी कृषि के छात्र हैं। पहले रिजल्ट में उन्हें एब्सेंट दिखाया गया। जब रिजल्ट अपडेट हुआ तो एक और दो नंबर से फेल कर दिया गया। बिना री-एग्जाम कराए ही फेल दिखा दिया गया। कृषि कोर्स में ऐसी कई गड़बड़ियां हैं। छात्रों ने बताया कि आज वे परीक्षा नियंत्रक से मिलने आए थे, लेकिन वह मिले नहीं और छात्रों को देखकर पीछे के दरवाजे से निकल गए। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक रिजल्ट में सुधार नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और वे कार्यालय पर ही धरने पर बैठे रहेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *