आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर को रेलवे ट्रैक पर 5 किलोमीटर के दायरे में तीन शव मिलने से हड़कंप मच गया। गई। मृतकों में एक महिला, एक युवक और एक बच्ची शामिल हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस जांच कर रही है कि तीनों का आपस में कोई संबंध तो नहीं है। अलग-अलग स्थानों से मिले शव
सोमवार को बरहन क्षेत्र में पहला शव 15/16 अगस्त की रात रेलवे ट्रैक पर मिला था। शव करीब 25 वर्षीय युवक का था। उसके पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। दूसरा शव 16 अगस्त को चमरौला-बरहन के बीच डाउन रेलवे ट्रैक पर पोल नंबर 1264 और 1265 के बीच मिला। मृतका की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। महिला के गले में चेन, कानों में बालियां, हाथ में अंगूठी और घड़ी मिली है। उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
10 वर्षीय बच्ची का भी शव मिला तीसरा शव रविवार शाम करीब चार बजे मितावली और बरहन के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला। शव करीब 10 वर्षीय बच्ची का है। पुलिस बच्ची की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार ने बताया कि पहला शव 15 अगस्त की रात करीब 9 बजे मिला था। मालगाड़ी के चालक ने बरहन स्टेशन पर जानकारी दी थी कि एक युवक ट्रेन के आगे कूद गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद 16 अगस्त को महिला का शव मिला। उसके शरीर पर भी चोट के निशान हैं। वहीं 16 अगस्त की शाम करीब 4 बजे एक बच्ची का शव मिलने का मामला सामने आया। उसके शरीर पर भी चोट के निशान हैं। आशंका है कि ट्रेन से टकराने से मौत हुई है। अभी किसी की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से मांगी मदद बरहन प्रभारी निरीक्षक आशुतोष रघुवंशी ने लोगों से अपील की है कि यदि थाना क्षेत्र में किसी महिला, युवक या बच्ची की गुमशुदगी दर्ज है अथवा इन शवों की पहचान से संबंधित कोई जानकारी है तो तत्काल बरहन पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

