आंध्र प्रदेश में जब भी होंगे चुनाव, राजग ही जीतेगा: चंद्रबाबू नायडू

आंध्र प्रदेश में जब भी होंगे चुनाव, राजग ही जीतेगा: चंद्रबाबू नायडू

मोगलतुरु (आंध्र प्रदेश), एक सितंबर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि हालिया सर्वेक्षणों में राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को अजेय बताया गया है। नायडू ने यहां एनटीआर भरोसा कल्याण पेंशन वितरित करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आप लोगों ने पिछले चुनाव में शानदार बहुमत दिया था। अब सभी सर्वेक्षण भी यही बता रहे हैं कि जब भी आंध्र प्रदेश में चुनाव होंगे, राजग अजेय रहेगा।’’
नायडू ने कहा कि ‘‘बर्बाद’’ हो चुके राज्य के पुनर्निर्माण के लिए लोगों ने कुछ साल पहले तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जन सेना पार्टी के गठबंधन को चुना था।

उन्होंने घोषणा की कि इस बार नगरपालिकाओं और नगर निगमों में प्रत्यक्ष चुनाव कराए जाएंगे, ताकि लोग अपनी पसंद के महापौर या अध्यक्ष का चुनाव कर सकें। मुख्यमंत्री ने याद किया कि आज ही के दिन 31 साल पहले उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में उन्होंने कई सुधार किए और जनहित से जुड़े कई कार्यक्रम लागू किए।

नायडू ने कहा कि केंद्र के सहयोग से राज्य सरकार प्रभावी तरीके से जन-केंद्रित सरकार चला रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार ने गरीबों को कल्याण पेंशन के रूप में 73,507 करोड़ रुपये वितरित किए हैं और पिछले दो वर्षों में गरीबों को सशक्त बनाने के लिए कुल 1.5 लाख करोड़ रुपये कल्याण योजनाओं पर खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है और पिछले साल एक लाख महिलाएं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) चलाने के लिए आगे आईं।

नायडू ने कहा कि बुधवार को पोलावरम परियोजना की बाईं मुख्य नहर के जरिए गोदावरी नदी का पानी उत्तर आंध्र क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले साल गोदावरी नदी का पानी अनकापल्ली, विशाखापत्तनम तक पहुंचेगा और बाद में इसे वंशधारा नदी तक ले जाया जाएगा। नायडू ने कहा कि देश में जल संकट का समाधान नदियों को जोड़ने की परियोजनाओं के माध्यम से किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *