अलवर पंचायत चुनाव: 5.78 लाख मतदाता चुनेंगे पंच-सरपंच, बारिश के बीच मतदान जारी

अलवर पंचायत चुनाव: 5.78 लाख मतदाता चुनेंगे पंच-सरपंच, बारिश के बीच मतदान जारी

अलवर जिले में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव (Rajasthan Panchayat Election) में राजगढ़, उमरैण, थानागाजी, मालाखेड़ा और लक्ष्मणगढ़ पंचायत समितियों में मतदान कराया जा रहा है। पांचों पंचायत समितियों में कुल 185 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1767 वार्डों में पंच चुने जाएंगे। इस चरण में 5 लाख 78 हजार मतदाता (Voters) अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गई। मतदान का समय शाम छह बजे तक निर्धारित किया गया है। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के बीच मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

पंचायत चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। ऐसे में कई ग्राम पंचायतों में मुकाबला राजनीतिक दलों के समर्थित प्रत्याशियों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच है। चुनाव में सरपंच पद के साथ ही वार्ड पंच के उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला भी मतदाता करेंगे।

पांच पंचायत समितियों में इतने गांवों में चुनाव

दूसरे चरण में राजगढ़ पंचायत समिति की 41 ग्राम पंचायतों में 393 वार्डों में चुनाव हो रहे हैं। वहीं उमरैण की 38 ग्राम पंचायतों में 368 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है।

इसी तरह थानागाजी पंचायत समिति की 37 ग्राम पंचायतों में 331 वार्ड, मालाखेड़ा की 39 ग्राम पंचायतों में 387 वार्ड और लक्ष्मणगढ़ की 30 ग्राम पंचायतों में 288 वार्ड शामिल हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्डों में पंच पद के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं।

शाम 6 बजे तक वोटिंग, इसके बाद शुरू होगी मतगणना

मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। इसके बाद मतदान केंद्रों पर ही मतगणना (Vote Counting) शुरू की जाएगी। मतगणना देर रात तक जारी रहने की संभावना है। मतगणना पूरी होने के साथ ही अलग-अलग ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के विजेताओं की स्थिति साफ हो जाएगी।

इस चुनाव में गांवों की सरकार चुनने के लिए बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। बारिश के बीच हो रहे मतदान पर भी सभी की नजरें बनी हुई हैं।

alwar panchayat election voting
बानसूर के गांव गूता के बूथ पर लाइन में महिलाएं 
alwar panchayat election voting
बानसूर – हरसौरा गांव के बूथ पर पोता, दादा को वोट देने के लिए ले जाता हुआ
alwar panchayat election voting
अकबरपुर- पुलिस की लगातार गश्त 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *