अयोध्या के खंडासा थाना क्षेत्र में शनिवार को आंधी-बारिश के दौरान पेड़ की डाल गिरने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई थी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। हादसे के बाद रविवार देर शाम प्रशासन ने मृतक के परिवार को आपदा राहत के तहत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। विधायक चंद्रभानु पासवान और एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा ने घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। ढोली आसकरन मजरे लाला का पुरवा निवासी श्यामसुंदर का बेटा आर्यन शनिवार को शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर गया था। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश में पेड़ की डाल उसके ऊपर गिर गई। परिजन उसे सीएचसी मिल्कीपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आपदा राहत के तहत दी गई आर्थिक सहायता घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा और अंतिम संस्कार किया गया। देर शाम प्रशासन की टीम ने परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता राशि दी। विधायक चंद्रभानु पासवान ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। एसडीएम पवन कुमार शर्मा ने बताया कि आपदा राहत के तहत परिवार को 4 लाख रुपये दिए गए हैं। नियमानुसार अन्य सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

