अमृतसर में कर्ज और धमकियों से परेशान व्यक्ति पहुंचा DC-ऑफिस:बोला-समस्या हल करो या आत्महत्या की इजाजत दो, इस हालत में नही जी सकता

अमृतसर में कर्ज और धमकियों से परेशान व्यक्ति पहुंचा DC-ऑफिस:बोला-समस्या हल करो या आत्महत्या की इजाजत दो, इस हालत में नही जी सकता

अमृतसर में कर्ज और ब्याज के बोझ से परेशान एक व्यक्ति ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। पीड़ित प्रिंस सिंह ने मांग की कि या तो उसकी समस्या का समाधान करवाया जाए, या फिर उसे आत्महत्या करने की इजाजत दी जाए। साथ ही उसने अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है। प्रिंस सिंह का कहना है कि वह लंबे समय से कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है और कई वर्षों से लगातार ब्याज चुका रहा है। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपना मकान और जमीन तक गिरवी रख दी, लेकिन इसके बावजूद उसका कर्ज खत्म नहीं हुआ। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि उसके पास कर्ज चुकाने का कोई साधन नहीं बचा है। उसका आरोप है कि कर्ज देने वाले लोग लगातार उस पर पैसे वापस करने का दबाव बना रहे हैं और उसे धमकियां दी जा रही हैं। प्रिंस सिंह के मुताबिक, कुछ लोग उसका पीछा करते हैं और उसके घर के बाहर खड़े होकर भी धमकियां देते हैं। उसने दावा किया कि उसकी बच्ची का भी पीछा किया जा रहा है, जिससे उसका पूरा परिवार डरा हुआ है। पीड़ित की दो प्रमुख मांगें पीड़ित ने प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, उसके कर्ज और ब्याज से जुड़ी समस्या का समाधान करवाया जाए और उसे इस परेशानी से राहत दिलाई जाए। उसका कहना है कि अगर उसकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता तो वह इतनी मानसिक परेशानी में है कि उसे आत्महत्या करने की इजाजत तक मांगनी पड़ रही है। दूसरी मांग उसने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर की है। प्रिंस सिंह ने कहा कि उसके परिवार में पत्नी, बच्चे और बुजुर्ग पिता हैं और धमकियों के चलते सभी की जान को खतरा बना हुआ है। उसने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं, डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि प्रिंस सिंह की शिकायत उन्हें मिली है। शिकायत में धमकियों का जिक्र किया गया है। मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर को दे दी गई है और जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों को बुलाकर मामले का समाधान करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *