अमृतसर में श्री दरबार साहिब परिसर में गुटका साहिब के अंगों के साथ कथित बेअदबी का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से थाना कोतवाली में शिकायत दी गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया है। एसजीपीसी ने पुलिस को दी शिकायत ACP सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह ने बताया कि एसजीपीसी की ओर से परिक्रमा में सेवादार के रूप में कार्यरत सिमरनजीत सिंह द्वारा पुलिस को आवेदन दिया गया था। शिकायत में बताया गया कि शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी मनदीप सिंह नामक व्यक्ति ने गुटका साहिब के अरदास वाले अंगों को कथित तौर पर फाड़ दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फाड़े गए अंगों को एक महिला के चुन्नी के पल्लू से बांध दिया। बताया जा रहा है कि दोनों शहीद ऊधम सिंह नगर के रहने वाले हैं और परिवार के साथ श्री दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। CCTV से आरोपी की पहचान हुई मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और श्री दरबार साहिब परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह की पहचान की और उसे ट्रेस कर हिरासत में ले लिया। ACP सुरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को काबू करने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी कर रही है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने यह कृत्य किन परिस्थितियों में किया। आरोपी के खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

