अमृतसर के आर्टिस्ट ने बनाई 5 फीट की पेंटिंग:मोदी समेत ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों को एक फ्रेम में उतारा, 18 दिन में हुई तैयार

अमृतसर के आर्टिस्ट ने बनाई 5 फीट की पेंटिंग:मोदी समेत ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों को एक फ्रेम में उतारा, 18 दिन में हुई तैयार

अमृतसर के पेपर आर्टिस्ट डॉ. जगजोत सिंह रूबल ने नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए एक अनोखी पेंटिंग बनाई है। करीब 5 फीट की इस कलाकृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत ब्रिक्स देशों के प्रमुख नेताओं को एक ही फ्रेम में दिखाया गया है। रूबल के मुताबिक, इसका मकसद ग्लोबल लीडरशिप, एकता और शांति का संदेश दुनिया तक पहुंचाना है। डॉ. जगजोत सिंह रूबल ने बताया कि इस पेंटिंग को बनाने में उन्हें करीब 18 दिन लगे। यह पेपर आर्ट की खास तकनीक से तैयार की गई है। इसमें अलग-अलग देशों के राष्ट्र अध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों को एक साथ दिखाया गया है। उनका मानना है कि कला के जरिए यह संदेश दिया जा सकता है कि दुनिया के नेता एक मंच पर आकर वैश्विक चुनौतियों पर बात कर सकते हैं और समाधान ढूंढ सकते हैं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करना भारत के लिए गर्व : रूबल रूबल ने कहा कि भारत के लिए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करना गर्व की बात है। उनके अनुसार, ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर आर्थिक और व्यापारिक मुद्दों के साथ-साथ दुनिया में चल रहे युद्ध और संघर्ष को खत्म करने, शांति स्थापित करने जैसे मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा होनी चाहिए। रूबल अपनी इस खास पेंटिंग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अन्य प्रमुख लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर एक पेंटिंग बनाई थी, जिसकी तारीफ हुई थी और उन्हें प्रशंसा पत्र भी मिला था। वह कई बॉलीवुड हस्तियों को भी अपनी कलाकृतियां दे चुके हैं। भारतीय कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना मकसद ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के समूह के तौर पर हुई थी। बाद में इसका विस्तार हुआ और ईरान, मिस्र, इंडोनेशिया समेत कई अन्य देश भी इससे जुड़े। ऐसे में अलग-अलग देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों की भागीदारी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को वैश्विक स्तर पर अहम बनाती है। रूबल ने कहा कि उनका उद्देश्य पेपर आर्ट के माध्यम से भारतीय कला और कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने अपनी कला को प्रोत्साहित करने वाले परिवार, मीडिया और कला प्रेमियों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि कलाकारों की मेहनत और उनकी कला को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *