Mukesh Khanna on Abhijeet Dipke: ‘शक्तिमान’ और ‘महाभारत’ में ‘भीष्म पितामह’ जैसे अपने ऐतिहासिक किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना एक बार फिर अपने बेबाक बयानों के चलते सुर्खियों में हैं। देशभर में युवाओं के भविष्य से जुड़े नीट (NEET) परीक्षा विवाद को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इसी बीच मुकेश खन्ना ने कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि कॉकरोच को घर से बाहर फेंकना चाहिए।
मुकेश खन्ना ने कॉकरोच पार्टी पर दिया बयान
ANI से मुकेश खन्ना ने खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक आंदोलन को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी आंदोलन का असली मकसद छात्रों की समस्या सुलझाना नहीं, बल्कि नेताओं को हटाने की मांग करना है, तो उसके पीछे राजनीतिक उद्देश्य हो सकता है।
मुकेश खन्ना ने कहा, “युवाओं की समस्या NEET को लेकर कॉकरोच पार्टी… कॉकरोच ऐसी चीज है, जब घर में आती है तो हम उसको पकड़कर बाहर फेंक देते हैं। किसी भी घर में, किसी भी वर्ल्ड में कहीं भी देखो, कॉकरोच का कभी सत्कार नहीं किया जाता।” उन्होंने आगे सवाल उठाया कि लोगों ने “कॉकरोच पार्टी” को पनपने क्यों दिया?
मुकेश खन्ना ने विरोधियों की मंशा पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि इन लोगों का असल मकसद नीट परीक्षा की समस्या को सुलझाना या छात्रों के हित में काम करना बिल्कुल नहीं है। वह केवल छात्रों के मुद्दे की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। अभिनेता ने कहा, “ये लोग पीछे खड़े होकर दूसरों के कंधों पर रखकर बंदूक चला रहे हैं। इनका बस एक ही एजेंडा था- मोदी जी को हटाओ, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाओ, मंत्रियों को हटाओ।”
मुकेश खन्ना ने NEET पेपर लीक पर कसा तंज
मुकेश खन्ना ने आगे आरोप लगाया कि इस आंदोलन का मकसद NEET से जुड़े सवालों का समाधान निकालना नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को निशाना बनाना था। उन्होंने कहा, “पेपर लीक हुआ है तो पेपर लीक वाले को पकड़ो। अगर आपकी असली मंशा राजनीतिक हो जाती है, तो हर मसला पॉलिटिकल बन जाता है।”
मुकेश खन्ना का साफ मानना है कि विपक्ष भी इस गंभीर मसले को पूरी तरह से राजनीतिक रंग दे रहा है। अभिनेता ने कड़े शब्दों में सलाह दी कि बेवजह की राजनीति करने के बजाय असल अपराधियों को पकड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “अरे, अगर पेपर लीक हुआ है, तो पेपर लीक करने वाले माफियाओं को पकड़ो ना! लेकिन नहीं, यहां आपकी असली मंशा सिर्फ पॉलिटिकल बन जाती है। आज हर मसले को सिर्फ पॉलिटिकल क्यों बना दिया जाता है?”
बयान पर बहस जारी
मुकेश खन्ना के बयान के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है। कुछ लोगों ने अभिनेता का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। वहीं, CJP समर्थकों ने सवाल उठाया कि शिक्षा और परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाना राजनीति कैसे हो गया?

