रूस ने ब्रिटेन को साफ चेतावनी दी है। अगर यूक्रेन ब्रिटिश मिसाइलों से रूस पर हमला करता रहा तो ब्रिटेन के सैन्य ठिकाने निशाने पर आ सकते हैं। ये ठिकाने यूक्रेन के अंदर या बाहर कहीं भी हो सकते हैं। मॉस्को में विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने गुरुवार को प्रेस ब्रीफिंग में ये बात कही।
मारिया जाखारोवा ने कहा कि ब्रिटेन अब एक कदम दूर है। अगर लंदन अपना रुख नहीं बदलता तो वो रूसी नागरिकों के खिलाफ आतंकवाद में कानूनी रूप से शामिल माना जाएगा। इसके नतीजे बहुत खराब हो सकते हैं।
डोनेट्स्क में हमले के बाद आई चेतावनी
डोनेट्स्क में हमले के बाद रूस ने ब्रिटेन को खुली चेतावनी दी है। रूस ने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने ब्रिटिश स्टॉर्म शैडो मिसाइलों से डोनेट्स्क शहर के एक शॉपिंग सेंटर पर हमला किया।
ये शहर रूस के कब्जे में है। हमले में आम नागरिक घायल हुए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। जाखारोवा ने कहा- हम बार-बार चेतावनी दे चुके हैं कि ब्रिटिश हथियारों से रूस की जमीन पर हमला होने पर यूक्रेन और उसके बाहर मौजूद किसी भी ब्रिटिश सैन्य ठिकाने पर जवाबी हमला किया जा सकता है।
खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है युद्ध
रूस ने ब्रिटिश नेताओं से कहा कि वो मौजूदा स्थिति के बारे में एक बार फिर से सोचें। शत्रुता भरा और आक्रामक रवैया छोड़ दें। नहीं तो संघर्ष एक नए और खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है।
ब्रिटेन की नई मदद से बढ़ा तनाव
इससे पहले सोमवार को क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति का ऑफिस) ने ब्रिटेन पर आरोप लगाया था कि वो आग में घी डाल रहा है। उसने लंदन पर कीव को स्टॉर्म शैडो मिसाइल बनाने की गोपनीय तकनीक देने का आरोप लगाया था।
ये मिसाइलें रूस के अंदर गहराई तक हमला कर सकती हैं। रूस का कहना है कि ब्रिटेन नाटो का सदस्य है और यूक्रेन का कट्टर समर्थक। इसलिए उसकी हर मदद सीधे संघर्ष को बढ़ा रही है।
रूस की अंतिम चेतावनी
जाखारोवा ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि ब्रिटेन को तुरंत अपना रुख बदलना चाहिए। नहीं तो नतीजे बहुत गंभीर होंगे। ये चेतावनी रूस-यूक्रेन युद्ध में अब तक की सबसे कठोर चेतावनियों में से एक मानी जा रही है।


Russia warns Britain is ‘playing with fire’ over support for Ukraine
Russia says it could target British military facilities in 
World News 