श्रावण मास में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, एसके भगत ने देर रात हाथरस जनपद का भ्रमण किया। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान, अपर पुलिस महानिदेशक ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगाए गए शिविरों/सेवा कैंपों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और कांवड़ियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए की गई पुलिस व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया। रात्रि के समय कांवड़ियों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा कांवड़ियों को रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित की गईं। ये जैकेट रात्रि में वाहन चालकों को दूर से ही कांवड़ियों की उपस्थिति का संकेत देने में सहायक होती हैं, जिससे उनकी दृश्यता बढ़ती है और दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है। भ्रमण के दौरान, उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों की सहायता हेतु सदैव तत्पर रहने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कांवड़ियों से पूछा हाल-चाल… अपर पुलिस महानिदेशक ने कांवड़ियों से आत्मीयता से वार्ता कर उनका हालचाल जाना एवं यात्रा के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा समुचित सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं मुस्तैदी के साथ निर्वहन करें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हाथरस, अपर पुलिस अधीक्षक तथा उपजिलाधिकारी हाथरस सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

