अजमेर में BJP प्रत्याशी के कहने पर चुनावी बैनर हटाने गए युवक की करंट लगने से मौत, मामा ने उठाए सवाल

अजमेर में BJP प्रत्याशी के कहने पर चुनावी बैनर हटाने गए युवक की करंट लगने से मौत, मामा ने उठाए सवाल

Ajmer-Kishangarh News: अजमेर के किशनगढ़ में चुनावी प्रचार सामग्री हटाते समय बुधवार शाम 18 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना पर मदनगंज थाना पुलिस देर शाम अजमेर पहुंची। इधर, पोस्टमॉर्टम को लेकर मृतक के परिजनों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा कर पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन सूर्यास्त होने से बुधवार को पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई।

remove banner in ajmer he died of electrocution
अस्पताल के बाहर विलाप करते मृतक के परिजन

वार्ड-42 में हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, किशनगढ़ नया शहर स्थित गुर्जर मोहल्ला निवासी कुलदीप उर्फ वासु (18) पुत्र कालूराम गुर्जर बुधवार शाम 5 बजे चुनावी प्रचार थमने के बाद वार्ड-42 में चुनावी बैनर हटाने गया था। इस दौरान लोहे का पाइप बिजली के तार के संपर्क में आने से कुलदीप करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मौत की सूचना पर अजमेर पहुंची पुलिस

युवक की मौत की सूचना मिलने पर मदनगंज थाना पुलिस देर शाम अजमेर पहुंची। शव के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही परिजनों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर मेडिकल फॉरेंसिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आरके माथुर, सदर कोतवाली थाने के सहायक उपनिरीक्षक सुखपाल सहित पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। परिजन का कहना था कि पहले मामले में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। काफी समझाइश के बाद परिजन शांत हुए, लेकिन तब तक सूर्यास्त होने से पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई नहीं हो सकी।

remove banner in ajmer he died of electrocution
घटना के बाद पहुंचे परिजन और मौजूद लोगों की भीड़

मामा बोले- किसने, क्यों भेजा…करें जांच

मृतक के मामा मुकेश गुर्जर ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार थमने के बाद बैनर नहीं हटाए जाते तो नगर परिषद के कर्मचारी उन्हें हटा देते। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ने कुलदीप को बैनर हटाने के लिए भेजा था और इसी दौरान हादसा हुआ।

उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम से पहले मृतक के परिवार को न्याय दिलवाने को लेकर बातचीत की जाएगी। यह बताएं कि कुलदीप पोल पर किस वजह से चढ़ा, उसे किसने भेजा और घटना किन परिस्थितियों में हुई? पार्षद प्रत्याशी भी मौके पर आए और आश्वासन देकर चले गए।

remove banner in ajmer he died of electrocution
जेएलएन अस्पताल में हेल्प डेस्क पर बैठी डॉक्टर्स की टीम व कोतवाली थाना पुलिस

किशनगढ़ में पोस्टमॉर्टम की मांग

परिजन शव को किशनगढ़ ले जाकर वहीं पोस्टमॉर्टम करवाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि घटना किशनगढ़ में हुई है, इसलिए पोस्टमॉर्टम भी किशनगढ़ में ही कराया जाए। हालांकि, पुलिस ने गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *