अजमेर में 2 दिन में 4 युवतियां लापता:एक युवती ने मैसेज में लिखा- कर्ज से परेशान हूं, दूसरी जन्मदिन का केक काटने के बाद निकली

अजमेर में 2 दिन में 4 युवतियां लापता:एक युवती ने मैसेज में लिखा- कर्ज से परेशान हूं, दूसरी जन्मदिन का केक काटने के बाद निकली

अजमेर शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो दिनों में चार युवतियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। चारों मामलों में घटनाक्रम अलग है। एक 20 वर्षीय युवती करीब 4 बजे घर से बैग लेकर निकल गई और बाद में मैसेज कर कहा कि वह अपनी मर्जी से गई है। दूसरी 18 वर्षीय युवती जन्मदिन का केक काटने के बाद देर रात घर से लापता हो गई। तीसरी 20 वर्षीय युवती पेट दर्द का बहाना बनाकर स्कूटी से घर गई और वहां से कपड़े, सूटकेस व 5 हजार रुपए लेकर निकल गई। वहीं चौथी 18 वर्षीय युवती परबतपुरा बाइपास स्थित दुकान से घर के लिए निकली, लेकिन घर नहीं पहुंची। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। बैग लेकर निकली 20 साल की युवती, मेसेज पर कहा- कर्ज से परेशान हूं कृष्णगंज थाना क्षेत्र से 20 वर्षीय युवती 2 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे घर से लापता हो गई। परिजनों के अनुसार, रात तक वह घर पर थी। सुबह उठने पर वह नहीं मिली। तलाश करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई तो वह एक बैग और थैला लेकर घर से निकलती नजर आई। परिजनों ने बताया कि युवती एक ज्वैलरी दुकान पर काम करती थी। वहां से उसने करीब एक महीने की एडवांस सैलरी भी ली थी। बाद में उसने अपने मोबाइल से परिजन को मैसेज कर कहा कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर जा रही है और कर्ज से परेशान है। मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना, मैं आप लोगों के कर्ज से परेशान हो गई हूं, पुलिस में सब कुछ बात कर आई हूं, मुझे ढूंढने की कोशिश की तो मेरी मौत के जिम्मेदार तुम सब होंगे।
इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से तलाश की गुहार लगाई। कृष्णगंज थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की है। जन्मदिन का केक काटा और कुछ देर बाद घर से गायब हुई 18 वर्षीय युवती हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र से 3 सितंबर की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच 18 वर्षीय युवती घर से लापता हो गई। खास बात यह है कि उसी दिन उसने परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया और केक भी काटा था। इसके बाद देर रात वह घर से निकल गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पेट दर्द का बहाना बनाकर घर गई, स्कूटी-सूटकेस और 5 हजार रुपए लेकर निकली हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र से 20 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, 2 सितंबर को परिवार का एक सदस्य जेएलएन अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान करीब रात 1:30 बजे युवती ने पेट में दर्द होने की बात कही और स्कूटी लेकर घर चली गई। जब परिजन घर पहुंचे तो युवती वहां नहीं मिली। बताया गया कि वह कपड़े, सूटकेस, स्कूटी और करीब 5 हजार रुपए लेकर घर से निकल चुकी थी। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। दुकान से घर के लिए निकली 18 साल की युवती, डेढ़ घंटे बाद भी नहीं पहुंची आदर्शनगर थाना क्षेत्र से 18 वर्षीय युवती शाम करीब 6 बजे घर के लिए निकली थी। उस समय उसकी मां भी दुकान पर मौजूद थी। परिजनों के अनुसार, करीब 7:45 बजे तक युवती घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई। परिवार ने बडगांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने एक युवक पर संदेह भी जताया है, जिससे युवती की बातचीत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और युवती की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कर रही तलाश चारों मामलों में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और युवतियों के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ के जरिए उनका पता लगाने में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *