गोंडा में मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया। सैकड़ों कार्यकर्ता सपा कार्यालय से निकलकर गुरुनानक चौराहा पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। गुरुनानक चौराहे पर किया प्रदर्शन सपा कार्यकर्ता गुरुनानक चौराहे पर चढ़ गए। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और इस्तीफा देने की मांग की। इस दौरान उनके खिलाफ आपत्तिजनक नारे भी लगाए गए। पुतले को जूते-चप्पल से पीटकर जलाया प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के पुतले को जूते-चप्पल से पीटा। इसके बाद पुतला दहन किया गया। पुलिसकर्मियों ने पुतला हटाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर खींचतान हुई। जिलाध्यक्ष बोले- आवाज उठाने पर अखिलेश को गिरफ्तार किया सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में वोटों की चोरी की गई है। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को उठाने के लिए अखिलेश यादव दिल्ली गए थे। आरोप है कि उन्हें गिरफ्तार कर आवाज उठाने से रोका गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया और ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की। सपा नेता बोले- रिहाई तक जारी रहेगा विरोध सपा नेता सूरज सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा को सत्ता जाने का डर होता है तो चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा, जब तक उनकी रिहाई नहीं हो जाती। यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि यह देश का नहीं, बल्कि भाजपा का चुनाव आयोग बनकर रह गया है। प्रदर्शन के बाद कार्यालय लौटे कार्यकर्ता पुतला दहन और नारेबाजी के बाद सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी वापस सपा कार्यालय लौट गए। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन समाप्त हुआ।

